लाटघाट। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट बाजार स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझा कर लोगों को शांत कराया।
लाटघाट कस्बा में एक प्राइवेट डॉक्टर का नर्सिंग होम है। रौनापार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी सुरेश सिंह पटेल अपनी पुत्री को इलाज के लिए लेकर यहां आए थे। जहां से उसे अल्ट्रासाउंड के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टर ने महिला के गुर्दे में पथरी होना बताते हुए आपरेशन की बात कही। 21 अगस्त को महिला का आपरेशन भी कर दिया गया। आपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। इस पर उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल लाया गया। यहां भी हात में सुधार नहीं हुआ तो गोरखपुर जिले में एक प्राइवेट अस्पताल में उसे लेजाकर भर्ती कराया गया, जहां अभी भी उसका इलाज चल रहा है। महिला का गुर्दा ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है। शुक्रवार को महिला के परिजन व ग्रामीण लाटघाट स्थित अस्पताल पर प्रदर्शन किये और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग किया। सूचना पर तहसीलदार व कोतवाल मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने समझा बुझा कर ग्रामीणों को शांत कराया। एसडीएम व सीएमओ के स्तर से इसकी जांच होने की बात कही। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश, रामदरश, मनोज, संतराज, रूबी, जोगिंदर, अंगद, दीपक, रंजना समेत काफी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।