UP Nikay Chunav: आजमगढ़ नगर पालिका से कांग्रेस ने रविकांत त्रिपाठी को बनाया प्रत्याशी, नेताओं ने बनाई रणनीति
कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को आजमगढ़ के पांच नगर निकायों में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। आजमगढ़ नगर पालिका क्षेत्र से रविकांत त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी बनाया गया है।
विस्तार
यूपी नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का नामांकन शुरू होने के बाद सपा, बसपा और भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को आजमगढ़ के पांच नगर निकायों में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। कांग्रेस ने आजमगढ़ नगर पालिका क्षेत्र से रविकांत त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाने के लिए सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर शहर अध्यक्ष नजम शमीम की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने पांच नगर निकायों के प्रत्याशियों के नामों की औपचारिक घोषणा की।
आजमगढ़ नगर पालिका से रविकांत त्रिपाठी, बूढनपुर से मंजू लता, अजमतगढ़ से डॉली गुप्ता, मुबारकपुर से जरीना बानो, निजामाबाद से अनीस अहमद को मौका मिला है। सभी प्रत्याशियों का आजमगढ़ कांग्रेस ने स्वागत किया। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य कौशल कुमार सिंह उर्फ मुन्ना राय उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: जिस बेटे को पाल पोसकर किया बड़ा, वो ही बना जान का दुश्मन; दर्दनाक है आजमगढ़ की ये कहानी
भ्रष्टाचार से जनता ऊबी
जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ईमानदार युवा स्वच्छ छवि के लोगों को मैदान में उतारा है। जिनके अंदर नगर के विकास के लिये काम करने की पूरी क्षमता है। सभी कांग्रेसजन अपने अपने क्षेत्रों में प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करें। जिन क्षेत्रों में आवश्यकता होगी वहां प्रदेश स्तरीय और जिला स्तरीय नेता भी चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। कहा कि नगर पालिका और नगर पंचायतो में व्याप्त भ्रष्टाचार से जनता ऊब चुकी है। ऐसे मे कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए मेहनत करें।
नजम शमीम ने कहा कि नगर पालिका मे व्याप्त भ्रष्टाचार और नगर के विकास के मुद्दों को लेकर हम चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष हवलदार सिंह ने कहा कि कांग्रेस उत्साहित कार्यकर्त्ताओं के दम पर बेहतर प्रदर्शन करेगी।