आजमगढ़: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में किशोर की मौत, तीन गंभीर घायल
आजमगढ़ के रौनापार क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में 15 वर्षीय गोलू की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पिता की मौत के बाद गोलू किराना दुकान पर काम करके परिवार की आर्थिक मदद करता था।
विस्तार
आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के पास आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नहर के पास दोनों बाइकों में हुई भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्व. राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। वहीं, दूसरी बाइक पर जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) सवार होकर काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे।
सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर किशोर को मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, करन, मनीष और सूर्यांशु की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पिता की मौत के बाद परिवार की मदद कर रहा था गोलू
गोलू दो भाइयों में बड़ा था। उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति में मदद करने के लिए वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
किसी ने नहीं पहना था हेलमेट
थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।