कप्तानगंज। इको गार्डन लखनऊ में आयोजित किसान मजदूर महापंचायत में किसान नेताओं ने आजमगढ़ अतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नाम पर किसानों की जमीन छीनने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए। साथ ही राज्यपाल को ज्ञापन देकर आजमगढ़ एयरपोर्ट विस्तारीकरण के मास्टर प्लान को वापस लेने की मांग की। महापंचायत में नेताओं ने कहा कि किसान-मजदूर जमीन-मकान नहीं देना चाहते तो सरकार अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का मास्टर प्लान वापस ले। पिछले दिनों होने वाले पुलिस उत्पीड़न की न्यायिक जांच करके दोषियों को सजा दी जाए। आंदोलनकारियों को राजभवन मार्च में शामिल होने से रोकने की कड़ी निंदा करते हुए इसे संविधान दिवस पर अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया। आंबेडकर नगर के संयुक्त किसान मोर्चा के नेता सत्यदेव पाल की पुलिसिया हाउस अरेस्टिंग की निंदा की गई। महापंचायत से वापस खिरिया बाग पहुंचे आंदोलनकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों से लखनऊ में आयोजित राजभवन मार्च में उन्हें शामिल नहीं होने के लिए प्रशासन ने दबाव बनाया। गांवों में पुलिस बल तैनात कर डर का माहौल बनाया गया। बहुत मुश्किल से किसान-मजदूर इको गार्डन लखनऊ पहुंच पाए। जमीन-मकान बचाओ संयुक्त मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा के दुखहरन राम, राजेश आजाद, राजीव यादव, वीरेंद्र यादव, राम राज, राहुल विद्यार्थी, नंदलाल, बचाऊ राम, रामजी सिंह, अरविंद मूर्ति, बलवंत यादव आदि नेता महापंचायत में शामिल हुए।