लायंस क्लब की इकाई 321 ई की ओर से शनिवार की देर शाम मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह में खूब अबीर गुलाल उड़े। इस दौरान हरिहरपुर घराने के कलाकारों ने फाग गीतों से समा बांध दिया।
इस दौरान लायंस क्लब के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि हमारा देश विभिन्न संस्कृतियों का संवाहक है। होली की परंपरा इसे और सुदृढ़ करती है। होली का त्योहार आपसी सौहार्द को बढ़ाता है और समाज में मेलजोल से रहने की भावना को पुष्पित और पल्लवित करता है। इस अवसर पर हरिहरपुर घराने के मोहन मिश्र ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। लायंस क्लब के प्रत्येक पदाधिकारी और सदस्यों को अबीर और गुलाल लगाकर उनका स्वागत किया गया। होली की टोपी पहना कर कार्यक्रम में उमंग और उत्साह का संचार किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब की महिला इकाई का प्रतिनिधित्व रहा। मोहन मिश्र ने होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा.. समेत अन्य गीत प्रस्तुत कर लोगों को मुग्ध कर दिया। अंत में रात्रिभोज के साथ सभी सदस्यों ने हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे के ऊपर अबीर और गुलाल की बौछार कर दिया जिससे वातावरण बहुत ही उत्सवमय में हो गया। संचालन लायन डॉ. भक्तवत्सल ने किया। कार्यक्रम के संयोजक लायन ओम अग्रवाल थे। इस मौके पर सुनील अग्रवाल, शशि भूषण गर्ग, रवि जायसवाल, अशोक श्रीवास्तव, अशोक अग्रवाल, संजय डालमिया, रमेश जायसवाल, गोकुल दास अग्रवाल, सुदर्शन दास अग्रवाल, मुकुंद अग्रवाल उपस्थित थे।