आजमगढ़। उप्र माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की ओर से शिक्षा-शिक्षक बचाओ आग्रह आंदोलन के तहत मंगलवार को डीआईओएस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डा. सुधीर कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में मौन धरना दिया गया। इसके बाद वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं का ज्ञापन डीआईओएस के माध्यम से सीएम को भेजा गया।
शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण पिछले मार्च महीने से प्राथमिक से लेकर महाविद्यालय स्तर तक के यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड या विश्वविद्यालयों से संबद्ध सेल्फ फाइनेंस (वित्तविहीन) विद्यालय बंद होने के कारण छात्र एवं अभिभावक विद्यालय में फीस जमा नहीं कर रहे हैं। इससे इन विद्यालयों के शिक्षकों को मार्च-अप्रैल माह से वेतन प्राप्त नहीं हो रहा है। शिक्षकों को सरकार आर्थिक मदद दे ताकि उनका जीविकोपार्जन होता रहे। जिलाध्यक्ष डा. सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने मौन धरने को सफल बनाने के लिए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन अच्युतानंद त्रिपाठी ने किया। मौन धरना प्रदर्शन करने वालों में शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, प्रदेश महासचिव अजय सिंह, हरिलाल यादव, अंशुमन राय, महोदव, भक्कू सिंह, राजवीर सिंह, मिथिलेश तिवारी, जितेंद्र मिश्र, अनिल राय, शशिकांत, जफर आलम, मोहन लाल, इंद्र कुमार चौबे आदि रहे।