उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने जेडी कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। इस दौरान शिक्षकों ने तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की आवाज बुलंद की। प्रांतीय मंत्री नरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की सात सूत्री मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है जिसके कारण शिक्षक आंदोलित हो रहे हैं।कहा कि शिक्षक हित में सरकार पुरानी पेंशन को बहाल करे, एनपीएस वापस लिया जाय। तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण किया जाय। माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को अन्य कर्मचारियों की तरह चिकित्सकीय सुविधा दी जाय। कहा कि दिल्ली में 10 अगस्त की पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आयोजित धरने में सभी शिक्षक पहुंचे। इस अवसर पर दिनेश कुमार सिंह, हिमांशु राय,विनय सिंह, राजेश कुमार राय, लव कुमार राय, रविशंकर सिंह, जगदीश शर्मा आदि मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट ने 14 सूत्री मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अपनी पुरानी मांग को दोहराई। जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मार्च 2005 के बाद नियुक्त शिक्षक कर्मचारियों की पुरानी पेंशन से वंचित कर दिया गया है। जबकि पुरानी पेंशन प्राप्त करना सभी शिक्षक-कर्मचारियों का अधिकार है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने की। इस दौरान अबरार अहमद, शेर बहादुर सिंह यादव, दिनेश प्रताप सिंह, जामवंत निषाद, प्रवीण कुमार मौजूद रहे। अहरौला : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लाक इकाई की बैठक बीआरसी केंद्र में हुई। अध्यक्ष सूबेदार यादव ने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन, द्वितीय शनिवार को अवकाश, प्रतिकर अवकाश, कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था आदि का लाभ शिक्षकों को दें। जब तक सरकार हमारी मांगे पूरा नहीं कर देती संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर रामनारायन गुप्ता, देवीचंद यादव, महादेव, चंद्रशेखर, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।