आजमगढ़। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अनीता साइलेस के नेतृत्व में बुधवार को शिक्षकों ने नोटकैम एप के माध्यम से उपस्थिति भेजे जाने के विरोध में बीएसए को ज्ञापन सौंपा।
इसके बाद राहुल नगर मड़या स्थित शिविर कार्यालय पर बैठक कर जिलाध्यक्ष ने कहा कि छात्रों, शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों सहित प्रधानाध्यापकों की उपस्थिति की फोटो नोटकैम एप के माध्यम से भेजने का आदेश न केवल शिक्षक की गरिमा व मर्यादा के खिलाफ है बल्कि बेसिक शिक्षा नियमावली के विरुद्ध है। विभाग में रोज नए-नए आदेश जारी कर बेसिक शिक्षा विभाग को प्रयोगशाला बना दिया गया है। जो कार्य ब्लाकों पर तैनात प्रशिक्षित कंप्यूटर आपरेटर के माध्यम से कराया जाना चाहिए उसे भी शिक्षकों की निजी मोबाइल से जबरदस्ती कराया जा रहा है। इसे लेकर शिक्षक बहुत परेशान हैं। जिलामंत्री राकेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में प्रेषित धनराशि के द्वारा ड्रेस,स्वेटर व जूता- मोजा न खरीदने पर भी शिक्षकों को दोषी मानने पर शिक्षक समाज मर्माहत है। संघ शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगा। इस अवसर पर मनोज कुमार त्रिपाठी, दिनेश चंद्र पांडेय, सुबेदार यादव, कमलेश यादव, राम प्रकाश सिंह, आशुतोष पांडेय, राज बहादुर सिंह आदि मौजूद थे।