आजमगढ़ में मुठभेड़: दुष्कर्म-हत्या का आरोपी पुलिस की गोली से घायल, दो साल से था फरार
आजमगढ़ के दीदारगंज में बीती रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दुष्कर्म और तेजाब डालकर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया।
विस्तार
आजमगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म और तेजाब डालकर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। गिरफ्त में आया बदमाश दो साल से फरार था। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। कब्जे से चोरी की एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।
14 अगस्त 2020 को बरदह थाना में वादी ने लिखित तहरीर दी थी कि उसकी बेटी 20 जुलाई को 2020 को पैसा निकालने के लिए बरदह बैंक गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर की। इस दौरान 17 अगस्त 2020 को गायब युवती का शव बरामद हुआ।
सबूत के आधार पर पुलिस ने गोल्डी उर्फ संदीप प्रजापति पुत्र रामअचल प्रजापति ग्राम कुसवां थाना दीदारगंज, गुड्डू राम उर्फ पवन पुत्र जियालाल हरिजन ग्राम दरियापुर थाना दीदारगंज, परदेशी लाल उर्फ बंटी पुत्र बहादुर प्रजापति ग्राम गदाईपुर थाना दीदारगंज के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया।
इस मामले में अभियुक्त गोल्डी उर्फ संदीप प्रजापति को पुलिस ने 10 दिसंबर 2020 को और गुड्डूराम उर्फ पवन को 24 फरवरी 2021 को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। लेकिन परदेशीलाल उर्फ बंटी दो वर्षों से लगातार फरार चल रहा था। शनिवार रात दीदारगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह हमराहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान महुजा मोड़ की तरफ से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार करने के लिए घेराबंदी की गई। तब बाइक सवार बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम परदेशी लाल उर्फ बंटी सिंह पुत्र बहादुर प्रजापति निवासी गदाईपुर थना दीदारगंज बताया। उसने खुद को युवती के अपहरण कर हत्या मामले में शामिल होने की बात स्वीकार की।