जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वीप कार्यक्रम के तहत पिंक रंग की साड़ियां पहन कर अध्यापिकाओं ने बृहस्पतिवार को पिंक रैली कलेक्ट्रेट से निकाली। रैली को डीएम अमृत त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान डीआईओएस वीके शर्मा, विभिन्न ब्लाकों के खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। पिंक रैली का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं, विशेषकर महिला मतदाताओं को जागरूक करना रहा। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ, आजमगढ़ के आह्वाहन पर करीब 150 से अधिक शिक्षिकाओं तथा बहुत से पुरुष शिक्षकों ने रैली में प्रतिभाग किया। जिनमें दूर के ब्लॉकों से भी शिक्षिकाएं शामिल होकर कार्यक्रम का हिस्सा बनीं। अध्यापिकाओं ने गीत और नारे के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया। रैली कलेक्ट्रेट क्षेत्र से निकलकर पूरे शहर का भ्रमण की और कलेक्ट्रेट पहुंचकर रैली संपन्न हुई। महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष शिखा मौर्य ने रैली में सम्मिलित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस रैली से मतदाताओं में वोट डालने के प्रति रुझान बढ़ेगा तथा मतदान प्रतिशत भी अवश्य बढ़ेगा।