आजमगढ़। भाजपा विधायक श्रीराम सोनकर ने रविवार को जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रविवार को अगले पांच वर्षों में पांच करोड़ से अधिक अनुसूचित छात्रों के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति का अनुमोदन किया है। ताकि वे अपने उच्चतर शिक्षा को सफलतापूर्वक पूरा कर सकें। 59048 करोड़ रुपये के कुल निवेश को अनुमोदन दिया गया है। इसमें केंद्र सरकार 60 फीसदी कुल 35534 करोड़ रुपये खर्च करेगी और शेष राशि राज्य सरकार खर्च करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि पांच वर्ष की अवधि के भीतर जीईआर (उच्चतर शिक्षा) राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सके। इसके तहत गरीब परिवार के 10वीं कक्षा के उत्तीर्ण छात्रों को उच्चतर शिक्षा पाठ्यक्रमों में नामित करने के लिए एक अभियान चलाया जाएगा। 1.36 करोड़ ऐसे सबसे गरीब छात्र जो वर्तमान में 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुके हैं, उनको अगले पांच वर्षों में उच्चतर शिक्षा प्रणाली के अंतर्गत लाया जाएगा। वर्ष 2021-2022 से स्कीम शुरू की जाएगी। केंद्रीय सहायता जो वर्ष 2017-18 से वर्ष 2019-20 के दौरान लगभग 1100 करोड़ रुपये प्रति वर्ष थी उसे वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान पांच गुना से अधिक बढ़ाकर लगभग 5000 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा। योजना से राज्य सरकारें बड़ी संख्या में एससी छात्रों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य नीति को क्रियान्वित करने में महत्वपूर्ण भागीदार होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष सदर ध्रुव सिंह ने कहा कि 11 जनवरी को पंचायत चुनाव को लेकर जिला कार्यालय पर ब्लाक संयोजकों, पंचायत चुनाव के वार्ड संयोजकों, और जिला महामंत्रीयो की एक महत्वपूर्ण बैठक होनी है। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री और गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अनूप गुप्ता और विशिष्ट अतिथि के रूप में ऊर्जा राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश रमाशंकर पटेल मौजूद रहेंगे। नन्हकूराम सरोज, विनोद उपाध्याय, पूनम सिंह, आनन्द सिंह, मयंक गुप्ता, राजीव शुक्ला, अभिनव श्रीवास्तव, विवेक निषाद, विनय प्रकाश गुप्त, मृगांक शेखर सिन्हा, धर्मेन्द्र सिंह, दीपक चतुर्वेदी मौजूद रहे।