ठेकमा। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ बीआरसी ठेकमा से उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। उद्घाटन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, प्रधान संघ ठेकमा के अध्यक्ष प्रमोद राय तथा खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों का बैज व टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। बीईओ अजय तिवारी ने कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। मुख्य अतिथि सूरज श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री जितेंद्र राय ने सरकारी विद्यालयों में बच्चों का प्रवेश कराने की अपील की। रैली ठेकमा बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए कंपोजिट कन्या विद्यालय तक निकाली गई। रैली के दौरान ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’, ‘पढ़ी-लिखी लड़की, रोशनी घर की’ और ‘मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ’ जैसे नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर आशुतोष सिंह, विमल राय, प्रज्ञा त्रिपाठी, अशोक कुमार, मनोज राय, प्रमोद मौर्य, सदाशिव तिवारी, ओमप्रकाश यादव, मनीष गुप्ता, प्रेमनारायण सिंह आदि उपस्थित रहे।