आजमगढ़ में डायरिया बेकाबू: दो लोगों ने तोड़ा दम, 300 पीड़ित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ के मुबारकपुर में डायरिया बेकाबू हो गया है। बुधवार संक्रमितों की संख्या 300 पहुंच गई जबकि दो पीड़ितों की मौत हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी है लेकिन हालात संभल नहीं रहे हैं। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में 150 मरीजों को भर्ती कराया गया है। मंगलवार की रात भी जिलाधिकारी राजेश कुमार और सीएमओ डॉ. इंद्र नरायण तिवारी देर रात तक कस्बे में मौजूद रहे।
नगर पालिका मुबाकरपुर के कटरा बलुआ व सरैया वार्ड में चार दिन पहले डायरिया ने पांव पसारना शुरू किया। तब इक्का-दुक्का मरीज ही आ रहे थे लेकिन अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इलाके में रोकथाम के उपाय ही नहीं किए गए। नतीजतन मंगलवार को बीमारी ने विकराल रूप ले लिया। शाम तक 70 से ज्यादा मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। सारी रात मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। उनमें से कई मरीजों को मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल भेजा जाता रहा।
हालात बेकाबू, 150 मरीज जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में भर्ती
बुधवार को पीड़ितों की संख्या 300 तक पहुंच गई। इसमें 150 मरीजों को जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से शाम चार बजे तक 72 मरीजों को मेडिकल कॉलेज व 65 को जिला अस्पताल रेफर किया जा चुका था। दिन में दो पीड़ित की मौत भी सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है।
मोहल्ले वालों ने बताया कि छोटू(80)और जहीरूद्दीन(50) की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को भी जिलाधिकारी मुबारकपुर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कटरा बलुआ व सरैया मुहल्लों में सफाई व दवाओं का छिड़काव कराने का निर्देश नगर पालिका प्रशासन को दिया।