Azamgarh: जमीन में दफनाया मिला चार दिन से लापता युवक का शव, बिलरियागंज थाने में दर्ज है गुमशुदगी
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिछोरी गांव निवासी राम (22) पुत्र हरिनाथ दो फरवरी से लापता था। रविवार को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मैगापुर गांव के पास उसका शव जमीन में दफनाया मिला।
विस्तार
यूपी के आजमगढ़ जिले के मैगापुर गांव में मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने खेत में दफनाया हुआ शव देखा। खेत में दफनाया शव देखते ही पूरे गांव में इस बात की चर्चा शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी को हटा कर शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान बिलरियागंज थाना क्षेत्र निवासी युवक के रूप में की गई। वह चार दिन से लापता था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बिलरियागंज थाने में दर्ज है। युवक की मौत कैसे हुई और उसे यहां किसने दफनाया यह अबतक स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मैगापुर गांव के ग्रामीण रविवार दोपहर बाद कौड़िया नाला के पास बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने जमीन में दफनाया शव देखा। इसके बाद यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। शव मिलने की सूचना होते ही सीओ सदर शक्ति मोहन अवस्थी के साथ ही मुबारकपुर थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड आदि मौके पर पहुंची।
मिट्टी हटा कर शव को बाहर निकलवाया गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मृतक की पहचान बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिछोरी गांव निवासी राम (22) पुत्र हरिनाथ के रूप में किया। बताया गया कि युवक दो फरवरी को घर से लापता हो गया था।
उसकी गुमशुदगी भी बिलरियागंज थाने में दर्ज है। बिलरियागंज से लापता युवक का शव मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जमीन में दफन कैसे हुआ, उसकी मौत कैसे हुई आदि सवाल ग्रामीणों में कौंध रहा रहा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।