आजमगढ़ः सऊदी से लौटे कार सवार युवक को बदमाशों ने मारी गोली , एक हमलावर को ग्रामीणों ने दबोचा
जहानागंज कस्बा स्थित ढाबा के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार सवार मुमताज को रोक लिया। जब तक मुमताज कुछ समझा पाता तब तक एक बदमाश ने तमंचा निकाल कर उस पर फायर कर दिया। गोली मुमताज के गले में लगी और वह अपनी कार में ही गिर पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले के जहानागंज में एक ढाबा के पास सोमवार दोपहर बाद कार सवार युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक कर गोली मार दी। गोली लगने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक बदमाश को लोगों ने दबोच लिया। मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही गांव निवासी मुमताज (35) सऊदी में नौकरी करता है। चार दिन पूर्व ही वह घर लौटा है। सोमवार दोपहर बाद अपने चार पहिया से किसी काम के लिए आजमगढ़ आया था। वापस घर लौटते समय जहानागंज कस्बा स्थित ढाबा के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया।
जब तक मुमताज कुछ समझा पाता तब तक एक बदमाश ने तमंचा निकाल कर उस पर फायर कर दिया। गोली मुमताज के गले में लगी और वह अपनी कार में ही गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाश भागने लगे। बाइक सवार बदमाश भाग निकला जबकि गोली चलाने वाले बदमाश को लोगों ने दबोच लिया।
आननफानन घायल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पकड़े गए बदमाश की लोगों ने जम कर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि गोली मारने वाले बदमाश का भाई भी सऊदी में रहता था, जहां उसकी हार्टअटैक से मौत हो गई थी। लेकिन वह अपने भाई के मौत का जिम्मेदार मुमताज को मानता था, जिसके चलते ही उसने घटना को अंजाम दिया। पकड़ा गया बदमाश गाजीपुर जिले के बहरियाबाद का निवासी बताया जा रहा है लेकिन पुलिस अभी उसके नाम का खुलासा नहीं कर सकी है। दिन-दहाड़े हुई घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
आजमगढ़ एसपी सिटी पंकज पांडेय ने कहा कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। एक बदमाश भी लोगों की पिटाई से घायल है। उसका भी इलाज कराया जा रहा है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है।