UP: 'छुड़ाइए मुझे, बंधक बना लिया...', BDO के काॅल पर पहुंची पुलिस; प्रधानों का हंगामा देख हैरानी; जानें मामला
बीडीओ ने फोन कर खुद के बंधक बनाए जाने की सूचना दी थी। विकास खंड परिसर पहुंच पुलिस भी हैरान हो गई। यहां क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की बैठक में हंगामा हो रहा था। बीच में बीडीओ बैठे थे।
विस्तार
आजमगढ़ के सगड़ी तहसील हरैया विकास खंड परिसर में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान खंड विकास अधिकारी हरैया और प्रमुख प्रतिनिधि व समर्थकों के बीच हुई धक्कामुक्की हुई।
इसके बाद बीडीओ को उन लोगों ने उनके कमरे में ही बंधक बना दिया और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रौनापार अनुपम जायसवाल मौके पर पहुंचे और दो घंटे बाद उन्हें कमरे से बाहर निकाला।
बताते चलें कि सोमवार को हरैया ब्लाक सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में ग्राम प्रधान क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि भाग ले रहे थे। क्षेत्र पंचायत की बैठक प्रमुख संदीप पटेल के अध्यक्षता में हो रही थी, 28 क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रधान का हस्ताक्षर कराया जा चुका था।
हस्ताक्षर करा रहे सफाई कर्मी सुरेश को खंड विकास अधिकारी हरैया रवि कुमार ने एक चिट्ठी जारी किया कि किसी भी ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि का हस्ताक्षर नहीं होना चाहिए।
अगर ऐसा होता है तो क्यों ना तुम्हारे ऊपर कारवाई निलंबन की की जाए।
यह सूचना मीटिंग हाल में गई और मीटिंग हॉल में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवारा खास राजा राम सिंगार यादव ने हाल में बैठे सभी लोगों से कहा कि जो प्रतिनिधि है वह बाहर चलें, इतने में ही मामला गर्म हो गया और प्रमुख प्रतिनिधि और समर्थकों की बीडीओ से इस बात को लेकर के कहासुनी हो गई।
11:30 बजे सभी प्रतिनिधि व समर्थक बीडीओ को उनके ही चेंबर में घेर लिए और कमरे में कैद कर कहा कि बाहर नहीं निकलना है। कमरे से ही बीडीओ ने थानाध्यक्ष रौनापार अनुपम जायसवाल को फोन किया। मौके पर थानाध्यक्ष पहुंचे और बड़ी मशक्कत से 2 घंटे बाद उन्हें 1:30 बजे बाहर निकाला और अपनी गाड़ी में लेकर चले गए। वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व प्रधान ब्लॉक परिसर में ही धरना पर बैठे रहे।