आजमगढ़: फर्जी तरीके से मदरसे की मान्यता लेने और पासपोर्ट बनवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी जिले की पुलिस ने दो मामलों में कार्रवाई की है। कूटरचित अभिलेखों से मदरसे की मान्यता लेने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही कूटरचित दस्तावेज से दो पासपोर्ट बनवाने वाले दो आरोपियों को दबोचा।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
फर्जी अभिलेखों के आधार पर मदरसा जामिया नूरुल उलूम, मुबारकपुर की स्थायी मान्यता लेने के मामले में मुबारकपुर पुलिस ने मोहम्मद हामिद (54) और मोहम्मद आबिद (47) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को देवकली तारन मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ कूटरचना, धोखाधड़ी और षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कनिष्ठ/पोर्टल सहायक आमिर हुसैन ने 28 अगस्त को मदरसा जामिया नूरुल उलूम की मान्यता से संबंधित प्रकरण में प्रार्थना पत्र दिया था।
जांच के दौरान सामने आया कि मदरसे की स्थायी मान्यता के लिए वर्ष 1998 में प्रस्तुत किए गए अभिलेखों में भूमि संबंधी दानपत्र कूटरचित पाया गया। जांच में यह भी तथ्य सामने आया कि उक्त अभिलेख के आधार पर मदरसे को आलिया स्तर की स्थायी मान्यता प्राप्त हुई थी।
बाद में मदरसे को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई। प्रकरण में उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से मान्यता निलंबित करने के साथ संबंधित प्रबंध समिति और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे।
प्राप्त अभिलेखों और जांच के आधार पर मुबारकपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर देवकली तारन मोड़ के पास घेराबंदी की थी। मौके से वांछित मोहम्मद हामिद और मोहम्मद आबिद को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मुहल्ला बरईपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद मऊ के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कूटरचित दस्तावेज से दो पासपोर्ट बनवाने वाले दो गिरफ्तार
कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर और पूर्व में जारी पासपोर्ट की बात छिपाकर दोबारा पासपोर्ट बनवाने के आरोप में मेंहनगर और कंधरापुर थाने की पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आसिफ और खुन्नू को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम समेत कूटरचना और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मेंहनगर थाना प्रभारी अभिराज ने बताया कि कस्बा मेंहनगर के वार्ड नंबर 10 हरिवंश नगर निवासी मोहम्मद आसिफ (35) ने पूर्व में जारी पासपोर्ट के विवरण को छिपाकर जन्मतिथि, पिता के नाम और पते में अलग जानकारी दर्शाते हुए दोबारा पासपोर्ट बनवाया। पासपोर्ट संबंधी जांच में मामला सामने आने के बाद उसके खिलाफ मेंहनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वांछित आरोपी को मंगलवार को लखराव पोखरा के पास से करीब सुबह 11 बजे गिरफ्तार किया गया।
इसे भी पढ़ें; यूपी: काशी को मिल सकती हैं दो बड़ी सौगातें, पीएम मोदी कर सकते हैं क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे का लोकार्पण
कंधरापुर थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि गौरी नरायनपुर निवासी खुन्नू (52) को गिरफ्तार किया गया है। खुन्नू ने पूर्व में जारी पासपोर्ट में दर्ज जन्मतिथि से अलग जन्मतिथि दर्शाते हुए फ्रेश कैटेगरी में नया पासपोर्ट बनवाने के लिए कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। इस मामले में कंधरापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने खुन्नू को 29 सितंबर को मोतीगंज बाजार से करीब 150 मीटर आगे नरायनपुर जाने वाले मार्ग से सुबह 10.28 बजे गिरफ्तार किया।