लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के देवारा खास राजा सर्वजीत का पुरवा में शुक्रवार को दिन में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस अगलगी में आठ परिवारों की 34 रिहायशी मड़इयां जल कर राख हो गईं। आग से रसोई गैस का एक सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। आग बुझाने में जुटे दो युवक भी गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तो लेकिन महुला गढ़वल बांध से नीचे नहीं जा सकी। ग्रामीणों के काफी मशक्कत करके आग पर काबू पाया। देवारा क्षेत्र में गर्मी में अगलगी की घटनाएं हर साल होती हैं। इसके बावजूद बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। देवारा खास राजा सर्वजीत का पुरवा गांव में शुक्रवार को दिन में लगभग 12 बजे गांव निवासी उदयभान के रिहायशी मड़ई में आग लग गई। लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने आसपास की मड़इयों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते-देखते आठ परिवारों की 34 मड़इयां राख हो गईं। इस बीच लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल पहुंची लेकिन महुला गढ़वल बांध के नीचे नहीं उतर सकी। आग बुझाने के दौरान अचानक एक व्यक्ति के घर में रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। उसकी चपेट में आकर आग बुझा रहे मुकेश व हनुमान घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घंटों मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में उदयभान की पांच मड़ई, पंपिंग सेट, साइकिल व 40 क्विंटल गेहूं, सत्यनरायण की चार आवासीय मड़ई, चार साइकिल, गैस सिलिंडर, 50 क्विंटल गेहूं, टीवी, रामनयन की दो मंड़इयों में रखा 30 क्विंटल गेहूं, साइकिल, लालू की सात मंडइयों में रखा 100 क्विंटल गेहूं, दो साइकिल, इंजन, थ्रेसर, पंखा, नानू की नौ मड़इयों में 80 कुंतल गेहूं, मल्लू के सात आवासीय मंडइयों मे 100 कुंतल गेहूं, इंजन साइकिल, मनोज के छह मंडई में रखा 100 कुंतल गेहूं, धनकुट्टी मशीन, छेदी के पांच आवासीय मड़ई व गृहस्थी का सारा सामान राख हो गया। किसी के परिवार में पहने हुए कपड़ों को छोड़कर कुछ नहीं बचा है।