अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिंहोरा गांव निवासी बृजमोहन (50) इंदौर से घर लौटते समय अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से लापता हो गए। 10 नवंबर से उनका पता नहीं चल सका है। पति की तलाश में पत्नी शांति देवी रेलवे स्टेशन से लेकर पुलिस थानों के चक्कर काट रही हैं। कई दिन बीत जाने के बाद भी सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं।
पत्नी शांति देवी ने बताया कि उनके पति बृजमोहन इंदौर में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 10 नवंबर को वह अपने बेटे अजय कुमार और बहू के साथ घर आने के लिए निकले थे। तीनों अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसी दौरान बृजमोहन ट्रेन से उतर गए और फिर नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद बेटे और बहू ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। बेटे अजय कुमार ने बताया कि पिता की अयोध्या कैंट से लेकर अकबरपुर रेलवे स्टेशन तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस से भी मदद मांगी गई, लेकिन परिवार को एक जगह से दूसरी जगह भेजा जा रहा है। अयोध्या कैंट जाने पर लखनऊ या अकबरपुर जाने की बात कही जाती है। पत्नी शांति देवी ने बताया कि परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर बृजमोहन की जल्द तलाश कराने की मांग की है। परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बृजमोहन के बारे में कोई जानकारी मिले तो परिजनों या पुलिस को सूचित करें। एसओ अश्विनी कुमार दुबे ने कहा कि अभी पीड़ित परिवार ने मामले की कोई सूचना नहीं दी है।