दिबियापुर (औरैया)। कस्बा स्थित नंगला जय सिंह गांव में पड़ोस के गांव से दावत से लौट रहे युवक को गांव के समीप गैस टैंकर ने टक्कर मार दी, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गांव के लोग जाम लगाने का प्रयास करने लगे। तभी मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने गांव के लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के नंगला जय सिंह गांव निवासी 40 वर्षीय ज्ञान सिंह पुत्र नथू रविवार की देर रात पड़ोस के गांव हर्राजपुर से दावत से घर लौट रहे थे, तभी औरैया की ओर से आ रहे एक गैस टैंकर ने टक्कर मार दी। ज्ञान सिंह की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांववालों ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं थी। पत्नी दिव्यांग है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही ने बताया कि टैंकर की टक्कर से युवक की मौत हो गई है। टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है।