फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Auraiya News ›   An employee was helping a student to cheat in Siddharth Inter College, SDM caught him

Auraiya News: सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में छात्रा को नकल करा रहा था कर्मचारी, एसडीएम ने पकड़ा

Tue, 04 Mar 2025 12:04 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया Updated Tue, 04 Mar 2025 12:04 AM IST
विज्ञापन
An employee was helping a student to cheat in Siddharth Inter College, SDM caught him
परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश देते डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी। - फोटो : परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश देते डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी।
औरैया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा में सोमवार को एरवाकटरा ब्लॉक के भटौरा स्थित सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में एक कर्मचारी छात्रा को नकल कराते पकड़ा गया। नकल औचक निरीक्षण पर पहुंचीं एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया ने पकड़ी।
विज्ञापन

इससे परीक्षा छूटने के बाद छात्रों व स्कूल प्रबंधतंत्र ने जमकर हंगामा काटा। एसडीएम की गाड़ी को भी घेर लिया। हंगामे में एसडीएम का मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। एसडीएम ने खुद को कमरे में कैद करते हुए अपनी जान बचाई।
विज्ञापन

हंगामे की सूचना पर स्थानीय थाने के अलावा कई थानों की फोर्स व पीएसी मौके पर पहुंच गई। डीएम व एसपी भी पहुंच गए। इस पूरे मामले में स्टेटिक मजिस्ट्रेट रामनरायन की तहरीर पर स्कूल के प्रबंधक व एटा से सपा सांसद देवेश शाक्य, उनकी बहन व केंद्र व्यवस्थापक (प्रधानाचार्य) आंचल शाक्य, कर्मचारी कुलदीप कुमार व समस्त स्कूल मैनेजमेंट समेत अन्य स्थानीय अज्ञात लोगों के खिलाफ थाते में एफआईआर दर्ज कराई गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन सोमवार की सुबह की पाली में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा थी। इंटर में जीव विज्ञान व गणित का पेपर था। इस दौरान केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए बिधूना एसडीएम गरिमा सोनकिया सुबह साढ़े आठ बजे सिद्धार्थ इंटर कॉलेज भटौरा पहुंची थीं। उन्होंने कक्षों का निरीक्षण किया, इसके बाद प्रधानाचार्य के कक्ष में बैठ गईं।
इसके बाद करीब 11:40 बजे वह स्टेटिक मजिस्ट्रेट (मार्केटिंग इंस्पेक्टर) के साथ कक्ष संख्या-1 में दाखिल हुईं। वहां पर कक्ष निरीक्षक के तौर पर वर्षा शाक्य की ड्यूटी थी। वहां कक्ष के पीछे के गेट से कर्मचारी कुलदीप कुमार धागा देने के बहाने अंदर आया। वह एक छात्रा को नकल करा रहा था।
शक होने पर एसडीएम ने कुलदीप के कब्जे से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी का रजिस्टर लेकर देखा तो उसमें इंटर के गणित के पांच व जीव विज्ञान के सात सवालों के उत्तर अंकित पाए। उन्होंने तुरंत रजिस्टर को सील कर दिया। उधर, केंद्र में नकल पकड़े जाने की भनक पाकर कई छात्र व अभिभावक उत्तेजित हो गए। और विरोध करने लगे।
उन्होंने एसडीएम की गाड़ी को घेर लिया और उनपर हमलावर हो गए। भीड़ में एसडीएम का मोबाइल भी गिरकर टूट गया। माहौल को देखकर उन्होंने कमरे में घुसकर अपनी जान बचाई। इस दौरान प्रधानाचार्य आंचल शाक्य ने कार्रवाई का विरोध जताया। स्थिति देख उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ कई थानों की फोर्स व पीएसी बुलाई गई।
डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व एसपी अभिजित आर शंकर ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की है। सीसीटीवी कैमरों की डीबीआर व अन्य साक्ष्यों को जुटाया। उधर, छात्रा की कॉपी सीज कर दी गई। पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लिया।
बदला जाएगा केंद्र का स्टाफ
परीक्षा केंद्र पर एक कर्मचारी छात्रा को नकल करा रहा था। यह नकल एसडीएम ने पकड़ी है। इस मामले में प्रबंधक समेत केंद्र व्यवस्थापक व कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। आगे की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए स्टाफ में तब्दीली के निर्देश डीआईओएस को दिए गए हैं। -डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, डीएम औरैया

धागा देने के बहाने कक्ष में जाकर नकल करा रहा था कर्मचारी

औरैया/बिधूना। एरवाकटरा के भटौरा स्थित सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में तय प्लानिंग के तहत कर्मचारी द्वारा कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों को नकल कराई जा रही थी। वह कक्षों में धागा पहुंचाने के बहाने कक्ष में पहुंचकर नकल करा रहा था। तभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट के संग निरीक्षण के लिए केंद्र पहुंचीं एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया की कर्मचारी कुलदीप कुमार पर नजर पड़ गई।

फिर क्या था उन्होंने रंगे हाथों नकल वाले कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति के रजिस्टर के साथ कर्मचारी को दबोच लिया। दुस्साहस तो देखिए परीक्षा छूटने के बाद हंगामा काटते हुए सरकारी तंत्र पर ही स्कूल का मैनेजमेंट व स्थानीय लोग हमलावर हो गए। उधर, हंगामा देख खुद को कमरे में कैद करने के बाद एसडीएम पुलिस व डीएम-एसपी के आने के बाद बाहर निकलीं।
बिधूना कस्बा से 15 किमी दूर भटौरा स्थित सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में सोमवार को सुबह की पाली में इंटर की परीक्षा चल रही थी। इसमें नकल पकड़ी गई तो हंगामा हुआ। औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम गरिमा सोनकिया जब कक्षों में निरीक्षण कर रही थीं, इस दौरान उन्हें कक्ष-1 व आठ में नकल कराए जाने का संदेह हुआ था।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में जिक्र है कि केंद्र पर स्कूल के कर्मचारी कुलदीप कुमार ने छात्रों को कक्ष में नकल कराने के लिए धागा देने का बहाना किया था।

उसके पास मिले रजिस्टर में गणित व जीव विज्ञान के सवालों के जवाब भी दर्ज पाए गए। खास बात यह थी कि रजिस्टर के अंतिम पन्नों में यह नकल थी। नकल कराने के लिए किसने सवाल हल किए और कौन धागा देने के बहाने उसे कक्षों में दाखिल होने की अनुमति दे रहा था। सीसीटीवी कैमरों की नजर के बीच नकल का यह खेल किसने रचा था। इसकी जांच शुरू हो गई है।
ऐसे में स्ट्रांग रूम से कक्षों तक सीसीटीवी कैमरों से लैस होने के बाद भी नकल को अंजाम दिया जा रहा था। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लगे कर्मचारियों व अधिकारियों की आखिरकार नजर क्यों नहीं पड़ी। क्या इसके पीछे भी कोई बड़ा सिंडीकेट शामिल है।
इन सब बिंदुओं पर क्राइम ब्रांच की टीम जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की डीबीआर की भी जांच की जा रही। माना जा रहा है कि बड़ा खुलासा हो सकता है। हालांकि सपा सांसद का एफआईआर में नाम होने से यह मामला और भी संगीन नजर आ रहा है।





नए केंद्र व्यवस्थापक के साथ नया स्टाफ होगा तैनात

सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में नकल पकड़े जाने के बाद डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर आगे की परीक्षा के मद्देनजर डीआईओएस को निर्देश दिए गए। इसमें परीक्षा केंद्र पर नए केंद्र व्यवस्थापक से लेकर नए स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए गए। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है।


बिधूना कोतवाल ने संभाला मोर्चा
परीक्षा केंद्र पर नकल पकड़े जाने के बाद शुरू हुए हंगामे के बीच बिधूना कोतवाल रवि श्रीवास्तव सबसे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। हंगामा काट रहे लोगों को नकल कराए जाने को लेकर आइना दिखाया। कानून के साथ खिलवाड़ कर रहे लोगों को हिदायत देते हुए शांत कराया। कोतवाल के तेवर देख भीड़ तितर-बितर हो गई। जिसके बाद अन्य थाने की पुलिस पहुंची। वहीं जिले के आला अधिकारी पहुंचे।
कर्मचारी और केंद्र व्यवस्थापक हिरासत में

सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में नकल पकड़ने व स्कूल स्टाफ की ओर से एसडीएस का विरोध व धक्का-मुक्की करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। स्कूल के कर्मचारी कुलदीप कुमार व केंद्र व्यवस्थापक आंचल शाक्य को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।-अभिजित आर शंकर, एसपी औरैया
स्कूल में अगर नकल होगी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कक्ष नंबर 1 में एक कर्मचारी ने रजिस्टर में उत्तर लिखकर नकल कराने की शुरूआत की, तभी पकड़ लिया गया। इससे एक छात्रा की कॉपी सीज की गई। स्कूल में नकल की बात सामने आई है।

- गारिमा सौनकिया, एसडीएम बिधूना।

बदली गईं केंद्र व्यवस्थापक

औरैया। भटौरा स्थित सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में नकल पकड़े जाने के बाद केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है। प्रभारी डीआईओएस जीएस राजपूत ने एरवाकटरा जीजीआईसी की इंचार्ज प्रधानाचार्य डॉ. पायल जैन को सिद्धार्थ इंटर कॉलेज का केंद्र व्यवस्थापक बनाया है। (संवाद)


कॉपी सीज होने के बाद बोली छात्रा-कॉपी में छेद कर रही थी

औरैया। सोशल मीडिया पर छात्रा का बयान आ रहा है। उसका कहना है कि वह परीक्षा के दौरान ए और बी कॉपी को जोड़ रही थी। मगर छेद न होने की वजह से होल मशीन लाई गई थी। वह कॉपी में छेद कर रही थी, तभी एसडीएम ने देख लिया और कॉपी ले ली। कक्ष में तैनात शिक्षिका ने कॉपी पर लिखने से मना किया तो एसडीएम ने कार्रवाई करने की बात कही। जिस पर शिक्षिका ने उत्तर पुस्तिका पर लिख दिया। इसके बाद में उसकी उत्तरपुस्तिका ले ली गई। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed