जोया (अमरोहा)। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं पत्नी बताकर किराए के मकान में रखा। आरोपी ने उसका गर्भपात भी कराया। पहले से शादीशुदा आरोपी अब शादी करने से मुकर गया। पीड़िता ने प्रेमी और उसके भाइयों पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी समेत तीन सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के शादीशुदा युवक का प्रेम प्रसंग सैदनगली थानाक्षेत्र की युवती से चल रहा था। युवक ने खुद को अविवाहित बताया था। शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती से चार साल तक शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने युवती को पत्नी बताकर जोया में ही किराए के मकान में रखा था। चार साल तक दोनों पति-पत्नी के रूप में रहे। आरोप के मुताबिक इस दौरान युवती गर्भवती हुई तो युवक ने मंडी धनौरा में एक निजी क्लीनिक में गर्भपात करा दिया। शादी का दबाव बनाने पर युवक मुकर गया। युवती ने पहले मान मनुहार की, न मानने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसपर आरोपी युवक समेत उसके तीन सगे भाइयों ने युवती से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मंगलवार को पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर शरद मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक पर दुष्कर्म, उसके अन्य दो भाइयों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।