अमरोहा। सावन माह के पहले सोमवार पर घर-मंदिर हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। भक्तों ने प्राचीन श्रीवासुदेव तीर्थ, श्रीबाबा गंगानाथ मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर, कामनाथ महादेव मंदिर, विरासत मंदिर, चामुंडा मंदिर, गजस्थल के प्राचीन शिव मंदिर समेत अन्य मंदिरों में गंगा जल और दूध से भगवान भोले का जलाभिषेक किया। कोरोना के चलते चुनिंदा लोग ही मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन पूजन और जलाभिषेक किया। शिव की आराधना कर परिवार में सुख-शांति और की कामना की।
कोरोना महामारी के चलते सरकार ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगा रखी है, जिसके चलते सावन के पहले सोमवार को चुनिंदा भक्त ही मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं मंदिरों में फूल, बेलपत्र और पूजन सामग्री लेकर भगवान भोले का अभिषेक करने पहुंचे। घर और मंदिरों में हर-हर महादेव का जयघोष सुनाई दिया। मंदिरों में गूंजते जयकारे और घंटा घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके अलावा भक्तों ने अपने घरों में महादेव जलाभिषेक किया। शिवालयों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मंदिरों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।