अमरोहा। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर सीएम को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को सौंपा।
शुक्रवार को कर्मचारी जिला अध्यक्ष विपिन कुमार के नेतृत्व में एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना दिया। सीएम को संबोधित ज्ञापन में कहा कि पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने 15.05.2017 के आदेश का उल्लंघन कर आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे लगभग 25000 कर्मचारियों को कार्य से हटा दिया गया है। अत्यधिक बोझ और नियमों के विरुद्ध कार्य कराए जाने की वजह से अप्रैल से मई के बीच ही 36 दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 22 कर्मचारियों की मृत्यु हो गई है और 14 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा, कर्मचारियों की संख्या कम होने से उपभोक्ताओं को भी बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का लेबर का अनुबंध होने के बावजूद उनसे लाइन मैन जैसे घातक व तकनीकी कार्य कराए जा रहे हैं। वेतन भुगतान में भी भेदभाव हो रहा है। मांग की कि कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और हटाए गए कर्मचारियों को कार्य पर वापस लिया जाए। 18 हजार रुपये से कम वेतन न दिया जाए। कर्मचारियों को 60 वर्ष की आयु तक कार्य करने की अनुमति दी जाए। इस मौके पर हेमराज सिंह, योगेश कुमार, विनोद कुमार, मुकुल, रमेश चंद्र, रामावतार, राहुल, चंद्रवीर सिंह, तनवीर, जुबेर, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।