Double Murder in Amroha: नकाबपोशों ने रात में अचानक बोला धावा, देखते ही शुरू किए वार, बचने का नहीं दिया मौका
गजरौला के फार्म हाउस में डबल मर्डर की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों समेत फार्म हाउस मालिक के रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। डीआईजी और एसपी ने मौके पर पहुंच घटना के बारे में जाना। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गजरौला थानाक्षेत्र के गंगा पार स्थित गैराबाद गांव गुलालपुर में स्थित फार्म हाउस के मालिक अनिरुद्ध और नौकर की हत्या के बाद से सनसनी फैल गई। डबल मर्डर के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए। अनिरुद्ध मेरठ जनपद के मवाना थानाक्षेत्र के गांव सीना के रहने वाले हैं।
उनका गुलालपुर में फार्म हाउस है। इसमें नोएडा में दादरी थानाक्षेत्र के बुड़ाकी गांव के रहने वाले रतनपाल भाटी और गढ़मुक्तेश्वर के जीत सिंह देखरेख का काम करते हैं। सोमवार की रात अनिरुद्ध, नौकर रामरतन पाल भाटी और जीत सिंह फार्म हाउस परिसर में अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। आधी रात के समय करीब सात से आठ नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और रतनपाल भाटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
उसके चेहरे, गर्दन और सिर पर ताबड़तोड़ कई बार किए। आहट होने पर गोलू उर्फ अनिरुद्ध की आंख खुल गई। उन्होंने हमलावरों को टोका तो उन्हें भी निर्ममता के साथ काट डाला। बचाव में आए नौकर जीत सिंह पर भी प्रहार किए। धारदार हथियार के ताबड़तोड़ हमले में अनिरुद्ध और रतनपाल भाटी की मौके पर मौत हो गई। हमलावर जीत सिंह को मृत समझकर छोड़ गए।
मंगलवार की सुबह में दूधिया दूध लेकर फार्म हाउस पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मेरठ, नोएडा, और गढ़मुक्तेश्वर के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। डबल मर्डर की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों के होश उड़ गए।
डीआईजी मुनिराज जी, एसपी कुंवर अनुपम सिंह, एएसपी राजीव कुमार, सीओ हसनपुर अरुण कुमार, सीओ मंडी धनौरा स्वेताभ भास्कर, गजरौला इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह, एसओजी प्रभारी रमेश सहरावत, सुकरामपाल राणा मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।