हसनपुर (अमरोहा)। हरियाणा के सोनीपत से तस्करी कर लाई जा रही हरियाणा मार्का शराब की सौ पेटियां पुलिस ने पकड़ी हैं। रामपुर भूड़ रोड से टाटा मैजिक से शराब बरामद की गई है। मौके से एक आरोपी को भी पकड़ा है जबकि तीन आरोपी फरार हो गए। मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गुरुवार रात को पुलिस को सूचना मिली की हरियाणा मार्का शराब टाटा मैजिक से लाई गई है। उसे रामपुर भूड़ रोड की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसआई वेद सिंह, एसआई वेदप्रकाश त्यागी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां टाटा मैजिक का पीछा किया तो उसमें से तीन लोग अंधेरे का फायदा उठाकर कूदकर भाग गए। पुलिस ने टाटा मैजिक को चालक समेत पकड़ लिया। मैजिक में चेक किया तो हरियाणा मार्का की सौ पेटी में करीब 850 लीटर शराब बरामद हुईं। जिसमें शराब के 4800 पव्वे भरे हुए थे। करीब दो लाख की कीमत की शराब को कोतवाली ले जाकर सील कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शराब को हरियाणा के सोनीपत से लाया जा रहा था। बताया कि बुलंदशहर के थाना अहमदनगर के गांव भेलई निवासी देशपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि यशपाल, भोलू निवासी गांव आलमपुर और सतवीर निवासी गांव रामपुर भूड़ फरार हो गए। फरार आरोपियों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।