पूर्वांचल के प्रसिद्ध गोविंद साहब मेले का आगाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल के प्रसिद्ध गोविंद साहब मेले का गुरुवार को सूबे के दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा एवं सपा जिला अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य हीरालाल यादव ने संयुक्त रुप से फीता काटकर शुभारंभ किया। शुक्रवार को गोविंद दशमी के मौके पर हजारों श्रद्धालु पवित्र गोविंद सरोवर में डुबकी लगाकर मठ की परिक्रमा करेंगे। यह सिलसिला पूरे दिन चलेगा। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए हैं।
मेला क्षेत्र में कोतवाली की भी स्थापना कर दी गई है। प्रसिद्ध गोविंद साहब मेले को लेकर गोविंद साहब क्षेत्र में रौनक बिखर चुकी है। गुरुवार को मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि महात्मा गोविंद साहब की तपोस्थली हम सभी के लिए अगाध आस्था एवं श्रद्धा का केंद्र है। यहां हमारे पूर्वज भी अरसे से आते रहे हैं।
महात्मा गोविंद साहब ने मानवता के कल्याण के लिए भाईचारे, शांति व सद्भाव का संदेश देकर जो मिसाल कायम की थी वह आज भी प्रासंगिक है। विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य हीरालाल यादव ने महात्मा गोविंद साहब के जीवन से सीख लेने का आह्वान किया।
अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि जिला पंचायत की तरफ से मेले में श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। मठ रिसीवर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा गोविंद साहब हमारी सभ्यता एवं संस्कृति के प्रतीक रहे हैं, इसलिए हमें उनके उपदेशों को आत्मसात करना चाहिए।
प्रशासनिक अमले को बुनियादी सुविधा मुहैया कराए जाने का निर्देश दिया। संचालन सपा जिला महासचिव डॉ. सूर्यप्रकाश त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम को आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद के कुलपति डॉ. हसीब अंसारी, सपा विधायक भीम प्रसाद सोनकर, संग्राम यादव, अजीमुलहक पहलवान, पूर्व जिलाध्यक्ष रामशकल यादव, जिला पंचायत सदस्य अनवर सादात अंसारी आदि मौजूद रहे।
उधर, शुक्रवार को मेले के मुख्य पर्व गोविंद दशमी पर पवित्र गोविंद सरोवर में हजारों श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे। इसके लिए एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार भोर से ही श्रद्धालु सरोवर में डुबकी लगाने के साथ मठ की परिक्रमा करेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए दैनिक उपयोग के सामान की बिक्री के लिए मेला क्षेत्र में दुकानें सज गई हैैं। मनोरंजन के लिए थिएटर भी पहुंच चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए मेला क्षेत्र में कोतवाली की स्थापना कर दी है।