{"_id":"58d4134b4f1c1b61371a159d","slug":"nnine-slaughterhouses-seized-in-akbarpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"अकबरपुर में नौ बूचड़खाने सीज","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
अकबरपुर में नौ बूचड़खाने सीज
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Thu, 23 Mar 2017 11:56 PM IST
विज्ञापन
बूचड़खानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
- फोटो : symbolic
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार के सख्त रुख के बीच पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को भारी दल-बल के साथ अकबरपुर नगर के मीरानपुर पेवाड़ा मोहल्ले में छापेमारी कर नौ बूचड़खाने सीज कर दिए।
विज्ञापन
घनी आबादी के बीच चल रहे इन बूचड़खानों पर कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रतिकूल स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन खासी तैयारी के साथ पहुंचा था। भगदड़ व पत्थरबाजी जैसी स्थिति से निपटने को लेकर भी पुलिस प्रशासन की तैयारी पहले से थी।
विज्ञापन
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने बीते दिनों ही सभी जिलों में अवैध ढंग से चल रहे बूचड़खानों को लेकर अपना रवैया सख्त कर रखा है। इसे देखते हुए ही जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने बुधवार देर रात उच्चस्तरीय बैठक कर तय किया कि गुरुवार को जिला मुख्यालय पर अवैध पशु वध रोकने को वृहद अभियान चलाया जाएगा।
विज्ञापन
इसी क्रम में गुरुवार दोपहर बाद अकबरपुर एसडीएम विवेक मिश्र, सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र, सीओ भीटी अमित श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक मिश्र, नगर पालिका अकबरपुर ईओ संगीता कुमारी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह व के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स ने नगर के मीरानपुर मोहल्ले में छापा मार दिया।
इसी मोहल्ले में वर्षों से बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से धड़ल्ले से पशु वध होता रहा है। नागरिकों के तमाम विरोध के बीच एक-दो बार छापेमारी का प्रयास हुआ लेकिन तगड़े विरोध की आशंका के चलते पुलिस ने इरादा त्याग दिया।
हालांकि सड़कों से होकर होने वाली पशु तस्करी रोकने के लिए जरूर पुलिस ने कई बार सख्त अभियान चलाया था। इस बीच गुरुवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मीरानपुर पेवाड़ा मोहल्ला पहुंचे तो वहां हड़कंप मच गया। टीम ने एक-एक कर कुल नौ बूचड़खानों को सीज कर दिया।
मौके से 11 पशु भी बरामद किए गए। घंटों चले अभियान के दौरान पेवाड़ा मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल दिखा। भारी पुलिस बल के पहुंचने के चलते अवैध पशु कारोबार में लिप्त लोग भाग खड़े हुए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
एसडीएम विवेक मिश्र ने नौ बूचड़खानों पर कार्रवाई की पुष्टि की है। एसडीएम व सीओ की अगुवाई में टीम ने अकबरपुर नगर के बाद कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र के लोरपुर में भी छापेमारी की। यहां टीम को 21 वध प्रतिबंधित पशु बरामद हुए। टीम ने सभी पशुओं को काजी हाउस भेज दिया।
उधर, टांडा थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर में गैर लाइसेंसी पशु मांस विक्रेताओं पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए आधा दर्जन से अधिक दुकानें बंद करा दी है। थाना प्रभारी अरशद सिद्दीकी ने बताया कि थाना क्षेत्र के गैर लाइसेंसी मांस विक्रेताओं पर शिकंजा कसते हुए सात दुकानों को बंद करा दिया गया।
दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि बिना लाइसेंस के कोई भी पशु मांस की बिक्री न करें। इब्राहिमपुर पुलिस द्वारा आधा दर्जन से अधिक मांस की दुकानों को बंद कराने एवं सख्त चेतावनी के कारण मांस विक्रेताओं में हड़कंप का माहौल है।