{"_id":"6b070da6cfaa56e2ca02cf37","slug":"video-second-accused-in-theft-of-jewellery-worth-rs546-crore-arrested-from-goa-2026-11-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"5.46 करोड़ के जेवर चोरी में दूसरा आरोपी गोवा से गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
5.46 करोड़ के जेवर चोरी में दूसरा आरोपी गोवा से गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी/मऊरानीपुर। अमृतसर के सर्राफा व्यापारी गुरकीरत सिंह के 5.46 करोड़ रुपये के सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी गणेश चंद्रकांत माल्वे को गोवा से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1.70 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर बुधवार को झांसी पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह ने चोरी के जेवर गलाकर करीब 900 ग्राम सोने की सिल्ली बनाई और उसे 1.13 करोड़ रुपये में बेच दिया। हालांकि, चोरी के जेवरों की बरामदगी अब भी नहीं हो सकी है। मामले में चार आरोपी अब भी वांछित हैं।
28 अक्तूबर को मऊरानीपुर बस स्टैंड पर खड़ी बस से गुरकीरत सिंह के सोने के जेवरों से भरे दो बैग चोरी हो गए थे। जांच में महाराष्ट्र के गिरोह का नाम सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, अमोल पिटेकर, लक्ष्मण राजाराम पिटेकर, अनंत लक्ष्मण धांडे, सुनील अर्जुन जाधव और गणेश चंद्रकांत माल्वे ने वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह का सरगना राजाराम पिटेकर बाहर से इनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
इस मामले में पुलिस पहले अमोल पिटेकर को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद से ही पुलिस की टीमें महाराष्ट्र में आरोपियों की तलाश कर रही थीं। कुछ आरोपियों के गोवा में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने 21 नवंबर को होटल कोस्टा डी कैलंगुट इन में दबिश दी। यहां से पुणे निवासी गणेश चंद्रकांत माल्वे को गिरफ्तार किया गया। उसके कमरे से 1.70 लाख रुपये बरामद हुए।
जेवर गलाकर बनाई 900 ग्राम सोने की सिल्ली
पूछताछ में गणेश ने बताया कि 30 अक्तूबर को वारदात के बाद सभी आरोपी महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कर्जत क्षेत्र स्थित महालंगी पहुंचे थे। वहां खेत में बने एक शेड में चोरी के जेवर गलाकर करीब 900 ग्राम सोने की सिल्ली तैयार की गई। इसके बाद आरोपी पुणे के एक होटल पहुंचे, जहां ब्रह्म ट्रेडर्स के उत्कर्ष मारवाड़ी को 1.13 करोड़ रुपये में सोना बेच दिया गया। गणेश के मुताबिक, इस सौदे में उसे साढ़े चार लाख रुपये मिले थे। इसमें से 1.70 लाख रुपये उसके पास बचे थे। सोना खरीदने वाली दुकान का सटीक पता पुलिस को नहीं मिल सका है। अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
करोड़ों के जेवरों की बरामदगी अब भी चुनौती
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद सर्राफा व्यापारी के चोरी हुए करोड़ों रुपये के जेवर बरामद नहीं हो सके हैं। इससे पहले अमोल पिटेकर की गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 1.40 लाख रुपये नकद मिले थे। उसके तीन बैंक खातों में जमा 17.06 लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए थे। अब दूसरे आरोपी गणेश के पास से 1.70 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में 900 ग्राम सोना गलाकर बेचने की जानकारी भी सामने आई, लेकिन सोना बरामद नहीं हो सका। वारदात के करीब एक माह बाद भी चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में 5.46 करोड़ रुपये के जेवरों की बरामदगी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।