Prayagraj : कहां गईं ब्लॉक प्रमुख मांडा, फर्जी हस्ताक्षर से कार्य संचालित करने का आरोप, सीडीओ ने बैठाई जांच
जिले के विकास खंड मांडा की ब्लॉक प्रमुख प्रगति सिंह लंबे समय से गायब हैं। आरोप है कि वह ब्लाक मुख्यालय पर नहीं आती हैं। उनका फर्जी हस्ताक्षर कर उनके परिवार के एक पूर्व ब्लाक प्रमुख विकास खंड के सभी कार्य संचालित कर रहे हैं।
विस्तार
जिले के विकास खंड मांडा की ब्लॉक प्रमुख प्रगति सिंह लंबे समय से गायब हैं। आरोप है कि वह ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं आती हैं। उनका फर्जी हस्ताक्षर कर उनके परिवार के एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख विकास खंड के सभी कार्य संचालित कर रहे हैं। इसकी शिकायत आईजीआरएस पर शासन में संजय यादव ने की है। मामले में ग्राम्य विकास आयुक्त के निर्देश पर सीडीओ ने तीन अधिकारियों की टीम गठित कर जांच बैठा दी है।
मांडा विकास खंड के कुखुड़ी गांव निवासी संजय यादव का आरोप है कि विकास खंड में व्याप्त भष्ट्राचार, मनमानी और वित्तीय अनियमितता की जा रही है। यहां शासकीय धन का बंदरबाट करने के लिए प्रमोटेड बीडीओ की तैनाती कराई गई है। यही नहीं ब्लॉक प्रमुख का फर्जी हस्ताक्षर कर भुगतान किया जा रहा है।
पुरानी सड़कों को कार्ययोजना में मरम्मत दिखाकर पूरा धन निकाल लिया जा रहा है। उन्होंने एक वर्ष के अंदर कराए गए निर्माण कार्यों की जांच कराए जाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि ब्लॉक प्रमुख प्रगति सिंह का हस्ताक्षर बगैर उनकी उपस्थिति के प्रमाणिक मान्य न किया जाए।
आयुक्त ग्राम्य विकास के माध्यम से प्राप्त आईजीआरएस संदर्भ पर पांच बिंदुओं की जांच कराए जाने के लिए परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, उपायुक्त स्वत: रोजगार और अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की संयुक्त जांच टीम गठित कर दस दिन के अंदर बिंदुवार जांच आख्या प्रेषित करने का निर्देश दिया गया है। - हर्षिका सिंह, मुख्य विकास अधिकारी