Uppsc News : जल्द रिजल्ट आया तो पीसीएस में बढ़ेंगे चयन के अवसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीसीएस-2020 की मुख्य परीक्षा 22 जनवरी से प्रस्तावित है, लेकिन इस परीक्षा के अभ्यर्थियों को पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा के परिणाम का इंतजार है। अभ्यर्थी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पीसीएस-2020 की मुख्य परीक्षा से पहले पीसीएस-2019 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दे, ताकि इस परीक्षा में उच्च पदों पर चयनित होने वाले अभ्यर्थी पीसीएस मेंस-2020 में शामिल न हों और प्रतिस्पर्धा कम होने से अन्य अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर बढ़ सकें।
अभ्यर्थियों की यह कोई नई मांग नहीं है। पीसीएस-2018 और पीसीएस-2019 को लेकर भी इसी तरह की मांग उठी थी। पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा इस साल 22 सितंबर से प्रस्तावित थी और आयोग ने मुख्य परीक्षा से पहले पीसीएस-2018 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया था।
पीसीएस-2018 में चयनित बहुत से अभ्यर्थियों ने पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा के लिए भी क्वालीफाई किया था, लेकिन पीसीएस-2018 के तहत एसडीएम, डिप्टी एसपी जैसे उच्च पदों पर चयनित होने के कारण इनमें से ज्यादातर अभ्यर्थी पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हुए थे और ऐसे में पीसीएस मेंस-2019 में प्रतिस्पर्धा कम होने जाने से अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर बढ़ गए।
पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा के आयोजन को ढाई माह हो चुके हैं। अगर आयोग 22 जनवरी से पहले मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित करते हुए इंटरव्यू कराकर अंतिम चयन परिणाम जारी कर देता है तो 22 जनवरी से प्रस्तावित पीसीएस-2020 की मुख्य परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर बढ़ जाएंगे।