UP TET : टीईटी परीक्षा में 12 मुन्नाभाई पकड़े गए, आगरा में मोबाइल से नकल करते हुए एक परीक्षार्थी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शुक्रवार को प्रथम पाली में उत्तर प्रदेश में परीक्षार्थियों की उपस्थिति 92.4 फीसदी रही। इस दौरान दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए 11 मुन्नाभाई पकड़ लिए गए। 11 दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे जबकि आगरा में एक परीक्षार्थी मोबाइल से नकल करते हुए दबोचा गया।
विस्तार
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के दूसरे दिन कुल 93.01 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान कुल 12 लोग पकड़े गए। इनमें 11 दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए जबकि आगरा में एक परीक्षार्थी जूता के अंदर छिपाकर लाए गए मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ा गया। सभी को विधिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रदेश के 60 जिलों के 955 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा के लिए कुल 8,07,709 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 7,51,321 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यह कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का 93.01 फीसदी है। पहली पाली में 92.70 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पाली में 93.36 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित हुई। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चली। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया जा रहा है। सभी केंद्रों की निगरानी इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से की जा रही थी।
इन जिलों में पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी
प्रथम पाली में मथुरा, सिद्धार्थनगर, अमेठी, बदायूं, लखनऊ, गोंडा, उन्नाव में एक- एक और कानपुर नगर में दो परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए। प्रथम पाली में ही आगरा के परीक्षा केंद्र रतन मुनि जैन इंटर कॉलेज में एक अभ्यर्थी मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ा गया। जिसके खिलाफ लोहा मंडी आगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, दूसरी पाली में बरेली और गाजीपुर में एक-एक परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए।
कंट्रोल कमांड रूम से 955 केंद्रों पर रखी गई नजर
परीक्षा की निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी 955 केंद्रों पर पैनी नजर रखी गई। एआई सॉफ्टवेयर ने संदिग्ध गतिविधियों को तुरंत चिह्नित किया। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि चार जुलाई को एक पाली में परीक्षा एआई निगरानी में सुरक्षा के उच्च मानकों के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने अपील की है कि अभ्यर्थी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को ही प्रमाणिक मानें।