गांव से शहर तक स्वच्छता का लिया संकल्प
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में खंड प्रेरकों, एडीओ पंचायत और मिशन से जुड़े अन्य लोगों को गांव से शहर तक स्वच्छता बनाए रखने के लिए संकल्प दिलाया गया। 20 से 26 जनवरी तक आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के तहत एक दिनी कार्यशाला का उद्घाटन कमिश्नर राजन शुक्ला ने किया।
कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत जिला स्तर से शुरू होगी और इसके बाद ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बच्चों और महिलाओं को भी स्वच्छता एवं सफाई की आदतें डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा। लोगों को इस बात के लिए भी प्रेरित किया जाएगा कि शौचालय का उपयोग करें और खुले में शौच न करें। अधिक से अधिक शौचालयों के निर्माण के लिए ग्राम प्रधानों का सहयोग भी लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने पर लोगों को पुरस्कृत भी किया जायेगा। संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चंद्र ने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीण स्तर पर लोगों को प्रेरित करने के लिए संकल्प दिलाया। उप निदेशक पंचायत राज ने ग्राम स्तर पर नुक्कड़ नाटक, रैली, खुले में शौच न करने के लिए शपथ ग्रहण, प्रभात फेरी में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां, निबंध प्रतियोगिता, पोषण दिवस में स्वास्थ्य एवं सफाई के प्रति जागरूकता आदि के विषय में चर्चा की।