UPPSC : निदेशालय को भेजा गया असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का रिजल्ट, 53 पदों पर होनी है भर्ती
उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने उच्च शिक्षा निदेशालय को सोमवार को असिस्टेंट प्रोफेसर विधि एवं असिस्टेंट प्रोफेसर होम साइंस भर्ती परीक्षा का चयन परिणाम उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने उच्च शिक्षा निदेशालय को सोमवार को असिस्टेंट प्रोफेसर विधि एवं असिस्टेंट प्रोफेसर होम साइंस भर्ती परीक्षा का चयन परिणाम उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दिया। निदेशालय की ओर से अब चयनितों की काउंसलिंग कराके उन्हें कॉलेज आवंटित किए जाएंगे।उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या-50 के तहत पांच जनवरी को असिस्टेंट प्रोफेसर विधि और असिस्टेंट प्रोफेसर होमसाइंस का संशोधित परिणाम जारी किया था।
बाकी विषयों का परिणाम काफी पहले जारी किया जा चुका है और उन विषयों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी मिल चुकी है। असिस्टेंट प्रोफेसर विधि के 41 पदों पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जिनमें अनारक्षित वर्ग के 17, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के दो, अन्य पिछड़ा वर्ग के 16, अनुसूचित वर्ग के तीन और अनुसूचित जनजाति वर्ग का एक पद शामिल है।
असिस्टेंट प्रोफेसर होम साइंस के 12 पदों पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के पांच, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के दो, अन्य पिछड़ा वर्ग के चार एवं अनुसूचित जाति वर्ग का एक पर शामिल है। आयोग के अध्यक्ष प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा ने बताया कि इन सभी अभ्यर्थियों की फाइलें सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दीं गईं। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटन और नियुक्ति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। अब निदेशालय की ओर से चयनित अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग कराई जाएगी और कॉलेज आवंटित करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।