रक्षाबंधन : फूल नहीं, नोटों से सजे मनी बुके ने लूटी राखी की महफिल
रक्षाबंधन पर इस बार भाई-बहन के बीच प्यार जताने का अंदाज भी बदल रहा है। फूलों और चॉकलेट के पारंपरिक बुके के साथ अब मनी बुके भाइयों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षाबंधन पर इस बार भाई-बहन के बीच प्यार जताने का अंदाज भी बदल रहा है। फूलों और चॉकलेट के पारंपरिक बुके के साथ अब मनी बुके भाइयों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। नोटों को आकर्षक अंदाज में सजाकर तैयार किए जा रहे इन बुके को भाई अपनी बहनों को सरप्राइज गिफ्ट के तौर पर दे रहे हैं।
सिविल लाइंस की कस्टमाइज गिफ्ट विक्रेता ममता सिंह के ने बताया कि मनी बुके का ट्रेंड इस बार तेजी से बढ़ा है। आमतौर पर एक हजार से पांच हजार रुपये तक के बुके अधिक तैयार किए जा रहे हैं। मनी बुके में 10, 20, 50, 100 और 500 रुपये के नये नोट का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि ग्राहक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार अलग-अलग राशि के बुके बनवा रहे हैं। अभी तक मेरे पास सबसे अधिक इक्यावन हजार रुपये तक की बुकिंग आई है। मनी बुके की मेकिंग चार्ज करीब पांच सौ से पांच हजार रुपये तक है।
युवा सबसे ज्यादा कस्टमाइज्ड गिफ्ट पसंद कर रहे हैं। नई पीढ़ी को ऐसे उपहार पसंद आ रहे हैं जो ट्रेंडिंग होने के साथ देखने में अलग और व्यक्तिगत लगें। यही वजह है कि इस रक्षाबंधन पर गिफ्ट बाजार में कस्टमाइज्ड बुके और हैम्पर ने अपनी अलग जगह बनाई है।
स्नैक्स से सज रहा एटीएम हैम्पर
एटीएम हैम्पर भी इस बार युवाओं के बीच खासा पसंद किया जा रहा है। इसमें बहन की पसंद के अनुसार मैगी, कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, चॉकलेट और दूसरे स्नैक्स रखे जा रहे हैं। इस हैम्पर को ग्राहक अपना सामान खुद लाकर भी तैयार करा सकते हैं। इसकी मेकिंग चार्ज करीब तीन सौ से छह सौ रुपये है।
मेकअप और एक्सेसरीज बुके भी ट्रेंड में
मेकअप बुके में फेसवॉश, फेस स्क्रब, लिपस्टिक, मस्कारा, आईशैडो और चॉकलेट जैसी चीजें शामिल की जा रही हैं। वहीं एक्सेसरीज बुके में रिंग, कश्मीरी झुमके, ट्यूलिप ब्रेसलेट, बो, ब्रेसलेट और कश्मीरी चूड़ियां शामिल हैं। इसकी कीमत आठ सौ से 2,500 रुपये तक है। वहीं कस्टमाइज्ड सीपर बॉटल में ज्वेलरी, रबर बैंड और हेयर क्लिप रखकर उस पर नाम लिखवाया जा रहा है। रक्षाबंधन बॉक्स और ड्राई फ्रूट बॉक्स को भी ग्राहक अपनी पसंद के सामान और करेंसी के साथ तैयार करा रहे हैं।
विदेशों से भाई-बहन भेज रहे सरप्राइज
कस्टमाइज्ड गिफ्ट की मांग केवल शहर तक सीमित नहीं है। दुबई, कनाडा, अबू धाबी, ऑस्ट्रेलिया और सऊदी अरब से भी प्रयागराज में रहने वाले भाई-बहनों के लिए ऑर्डर आ रहे हैं। विदेश में रहने वाले भाई-बहन इन हैम्पर को सरप्राइज गिफ्ट के तौर पर भेज रहे हैं।
अब बहन भी बहन की कलाई पर बांध रही प्यार और सुरक्षा की राखी
रक्षाबंधन त्योहार पर शहर के राखी बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। दुकानों पर खरीदारों की चहल-पहल बढ़ गई है। भाई की कलाई के लिए रंग-बिरंगी राखियों के साथ इस बार भाई-भाभी जोड़ी और कॉम्बो राखियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। इसके साथ ही बाजार में मुख्य आकर्षण ब्रैसलेट राखियां रहीं। विक्रेता आशीष ने बताया कि पुरुषों की राखियों की तुलना में महिलाओं की ब्रैसलेट राखी की मांग ज्यादा है।
कई बार बहनों से ऐसी बातें भी साझा कर पाती हूं, जो भाई या किसी अन्य व्यक्ति से नहीं कह सकती। इसलिए बहन की कलाई पर राखी बांधना मेरे लिए भरोसे और अपनापन जताने का तरीका है। -प्रज्ञा, प्रयागराज
इस बार अपनी बहन के लिए राखी खरीद रही हूं। बहन हमेशा साथ खड़ी रहती है। उसकी कलाई पर राखी बांधकर मुझे भी उसके लिए अपना प्यार और सुरक्षा का भाव जताने का मौका मिलता है। -सृष्टि सिंह
राखी का नया रंग, बहनों के लिए ब्रैसलेट बनी पसंद
इस बार बहनों के लिए ब्रैसलेट और कंगन स्टाइल की राखियों की मांग देखने को मिल रही है। राखी बाजार में बहनों के लिए ट्यूलिप, रुद्राक्ष, एडी स्टोन और क्रिस्टल-मोती वाली ब्रैसलेट राखियां उपलब्ध हैं। इसके अलावा खाटू श्याम, राधे-कृष्ण और मोर पंख वाली ब्रैसलेट राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं।