परेड ग्राउंड में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का सुरक्षा कवच अभेद्य होगा। पीएम मोदी अर्द्धसैनिक बल, पीएसी व पुलिस के त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में रहेंगे। परेड ग्राउंड में तैनात पुलिसकर्मियों की सोमवार को तीन घंटे तक ब्रीफिंग हुई। परेड मैदान में एक-एक पुलिसकर्मी को उनकी ड्यूटी के बारे में समझाया गया। एडीजी जोन प्रयागराज प्रेमप्रकाश समेत अन्य अफसरों ने सुरक्षा में तैनात 10 हजार से ज्यादा अफसरों-पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया।
प्रयागराज : त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में रहेंगे प्रधानमंत्री, खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर
पीएम के कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इनर कार्डन की सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है, जबकि मिडिल कार्डन में पीएसी, पुलिस व पैरामिलिट्री की संयुक्त टीम सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ड्यूटी प्वाइंट न छोड़ें पुलिसकर्मी
सोमवार को परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर दोपहर बाद 20 जिलों से आए पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग शुरू हुई। उन्हें एक-एक बिंदु की जानकारी दी गई। कहा कि किसी भी हाल में पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट को न छोड़ें। कार्यक्रम की समाप्ति ही नहीं, लाभार्थी महिलाओं की वापसी तक वह ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। संबंधित अफसर अपने सेक्टर में पड़ने वाले सभी ड्यूटी प्वाइंट पर लगातार भ्रमण करते हुए पुलिसकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। पार्किंग स्थलों पर दिशा निर्देशों के मुताबिक ही वाहन पार्क कराएं और किसी भी हाल में कार्यक्रम के दौरान सामान्य वाहनों को परेड ग्राउंड के भीतर प्रवेश न करने दें। इस दौरान आईजी डॉ. राकेश सिंह समेत अन्य पुलिस अफसर मौजूद रहे।
खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर
शहर में पीएम व सीएम के साथ ही कई अन्य वीआईपी भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। स्थानीय खुफिया एजेंसी के साथ ही आईबी की टीम भी सक्रिय हो गई है। यह टीमें गोपनीय तरीकेसे जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। उधर कार्यक्रम के दौरान सादे कपड़ों में एसओजी की टीमों को भी तैनात किया जाएगा, जो संदिग्धों पर नजर रखेंगी।
11 आईपीएस, 30 एएसपी रहेंगे तैनात
कार्यक्रम के लिए 11 आईपीएस व 30 एडिशनल एसपी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 70 डिप्टी एसपी,135 इंस्पेक्टर, 300 एसआई, सात हजार कांस्टेबल के अलावा 15 कंपनी पैरामिलिट्री व पीएसी भी मौके पर मुस्तैद रहेगी।
पीएम के लिए हॉट लाइन से जोड़ा गया परेड ग्राउंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सोमवार को परेड मैदान को हॉट लाइन से जोड़ दिया गया। इसके अलावा बम्हरौली एयरपोर्ट और सर्किट हाउस को भी हॉट लाइन से जोड़ दिया गया है। इसके साथ ही इन तीनों स्थानों पर हाईस्पीड इंटरनेट के साथ ही ब्राड बैंड सेवा का अभियंताओं ने ट्रायल पूरा कर लिया है। पीएम के दौरे के समय इन तीनों स्थानों पर उच्चस्तरीय संचार सेवाएं दी जाएंगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान नेटवर्किंग की वजह से किसी तरह का व्यवधान न आने पाए।
प्रधानमंत्री के संगमनगरी दौरे को लेकर भारत संचार निगम लिमिटेड ने तीन स्थानों पर उच्चस्तरीय संचार सुविधाएं प्रदान कर दी हैं। इस कार्यक्रम के निमित्त पीएम के लिए सोमवार को ही परेड ग्राउंड को हॉट लाइन से जोड़ दिया गया। परेड ग्राउंड के अलावा सर्किट हाउस और बम्हरौली एयरपोर्ट पर बीएसएनएल की 1-जीबीपीएस स्पड युक्त हाई स्पीड इंटरनेट सेवा प्रारंभ कर दी गई है।
बीएसएनएल के मंडल अभियंता (आउटडोर) दिग्विजय सिंह ने संचार सेवाओं की तैयारियों का परेड के अलावा सर्किट हाउस और एटरपोर्ट पर भी पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इन तीनों स्थानों पर भारत संचार निगम लिमिटेड की 1 -जीबीपीएस स्पीड युक्त हाई स्पीड इंटरनेट के साथ हॉट लाइन, लैंडलाइन (एसटीडी) आईएसडी सुविधा के अलावा ब्रॉडबैंड को इन स्थानों पर स्थापित कर सफलता पूर्व ट्रायल कर लिया गया है। इन स्थानों पर बीएसएनएल की सुविधाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। इसके लिए अलग-अलग प्वाइंट पर अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दिक्कतें न आने पाएं।
एसपीजी ने मंच, पुलिस ने कार्यक्रम स्थल को लिया घेरे में
परेड ग्राउंड में होने जा रहे कार्यक्रम के एक दिन पहले सोमवार को पीएम सिक्योरिटी का जिम्मा संभालने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने मंच को कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही पुलिस फोर्स ने कार्यक्रम स्थल की घेराबंदी कर दी। चौतरफा घेराबंदी के बाद से ही कार्यक्रम स्थल की सघन चेकिंग शुरू करा दी गई। एंटी सबाटोज के साथ ही बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम ने भी चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। शाम से ही कार्यक्रम स्थल के साथ ही परेड मैदान के भीतर जाने वालों की भी चेकिंग की गई।
कार्यक्रम के मद्देनजर गैर जनपदों की फोर्स एक दिन पहले ही शहर पहुंच गई थी। सोमवार सुबह सभी को पुलिस लाइन में उनका ड्यूटी प्वाइंट बताया गया। इसके बाद उन्हें परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना कर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद सभी पुलिसकर्मियों को दोपहर से ही उनके ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद कर दिया गया। उधर एसपीजी की टीम ने भी मंच व हेलीपैड कोकब्जे में ले लिया। मंच तक जाने वाले रास्ते पर बाहर की ओर पुलिस फोर्स और भीतर बैरिकेडिंग कर पीएसी की तैनाती की गई है।
पीएम सिक्योरिटी से जुड़े अफसरों ने साफ निर्देश दिए हैं कि उनकी अनुमति के बिना मंच पर किसी को नहीं जाने दिया जाए। इसके बाद एंटी सबाटोज व बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने मंच के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। स्निफर डॉग को भी उस रास्ते से मंच पर ले जाया गया, जहां से पीएम को मंच तक पहुंचाना है। इसके बाद दोनों टीमों ने कार्यक्रम स्थल की सघन चेकिंग शुरू की जो शाम तक चलती रही। उधर, कार्यक्रम स्थल को भी पुलिस फोर्स ने अपने घेरे में ले लिया। कार्यक्रम स्थल के चारों ओर पुलिस के जवानों के तैनात कर दिया गया। लाल सड़क स्थित एंट्री प्वाइंट पर तीन मेटल डिटेक्टर लगा कर पीएसी के जवानों को मुस्तैद कर दिया गया। मंगलवार सुबह इस प्वाइंट पर पैरामिलिट्री के जवानों को भी तैनात किया जाएगा।