Prayagraj News: दुराचारी से अपमानित युवती ने आग लगाई, अस्पताल में मौत
शंकरगढ़ की रहने वाली गुड़िया (22) की कनक नगर कस्बा के रहने वाले आशुतोष सोनी की दोस्ती थी। आशुतोष ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार संबंध बनाए। कुछ दिन पहले गुड़िया ने आशुतोष से शादी की बात कही और कहा कि वह उसके घर आकर माता पिता से बात कर ले। यह सुनते ही आशुतोष ने साफ साफ मना कर दिया कि वह शादी नहीं कर पाएगा।
गुड़िया ने अपने माता पिता से बात कर ली थी। आशुतोष का रुख देखकर गहरा धक्का लगा। कई बार मोबाइल पर उसने आशुतोष को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। वह मोबाइल पर गुड़िया के चरित्र पर ही आरोप लगाकर अपमानित करने लगा। चार अक्टूबर की शाम गुड़िया ने अपने मां-पिता से बात की और फिर एक बार आशुतोष से बात की लेकिन उसने फोन पर ही गुड़िया को खूब अपमानित किया। पांच अक्टूबर की सुबह गुड़िया ने थाने पर आशुतोष के खिलाफ शादी के लिए झांसा देकर दुराचार करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी। आशुतोष पर एससीएसटी की धारा भी लगाई गई।
एफआईआर दर्ज होने की भनक आशुतोष और उसके परिवार वालों को हो गई थी। एफआईआर के बाद गुड़िया ने आशुतोष को फिर फोन किया और कहा कि अब भी वक्त है। अगर वह शादी के लिए राजी हो जाए तो वह एफआईआर वापस ले लेगी, लेकिन आशुतोष ने उसे धमकी दी और उसके चरित्र पर लांछन लगाते हुए कहा कि उसने यह सब पैसों के लिए किया है। जितना पैसा वह कह दे, उसे दे दिया जाएगा। यही बात आशुतोष ने गुड़िया के पिता को भी कह दी। पैसों की बात सुनते ही गुड़िया को गहरा धक्का लगा।
- लड़की की तहरीर पर पुलिस ने उसी दिन रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोपी की तलाश की जा रही थी। रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, डीआईजी