Prayagraj Corona Update: दो न्यायिक अधिकारियों समेत 109 कोविड पॉजिटिव, मौत नहीं
कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़त-घटत जारी है। दो दिन बाद सोमवार को संक्रमितों का आंकड़ा सौ के पार रहा। 24 घंटे में दो न्यायिक अधिकारियों के साथ 109 नए कोरोना पाजिटिव मिले। 77 लोगों ने कोरोना को मात दी। कई दिन बाद पहला मौका रहा जब ठीक होने वालों से संक्रमितों की संख्या ज्यादा रही। हालांकि संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक जिले में सोमवार को रिकार्ड 5661 लोगों की कोविड जांच की गई। जिले में अब तक 24127 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। तीन दिन बाद संक्रमितों की संख्या सौ पार हुई है। यह जांच का दायरा बढ़ने से हुआ है। राहत की बात यह भी रही कि 24 घंटे में कोरोना से किसी भी संक्रमित की मौत नही हुई।
सीएमओ के मुताबिक सोमवार तक 16972 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया। वहीं अस्पतालों से 5671 संक्रमितों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 24 घंटे में एलथ्री एसआरएन अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती आठ मरीजों को छुट्टी दी गई। अब वहां 65 संक्रमितों का इलाज किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि जिले में एक्टिव मामलों में बेहद कमी दर्ज की गई है। अब 109 नए पॉजिटिव मरीजों के साथ कुल एक्टिव मामले 1164 हैं।
नोडल अधिकारी कोरोना डा.ऋषि सहाय के मुताबिक जिले में 24 घंटे के भीतर कोरोना संक्रमित मिले लोगों में जिला न्यायालय के दो न्यायिक अधिकारी भी शामिल हैं। शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक, एक लिपिक के साथ क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। करछना सीएचसी के एक कर्मचारी के साथ एसआरएन अस्पताल की एक स्टाफ नर्स, एनटीपीसी मेजा के डिप्टी मैनेजर,सीआरपीएफ के एक कांस्टेबल और बेसिक स्कूल की एक शिक्षिका भी संक्रमित हुई हैं।