प्रयागराज : हर्षवर्धन बाजपेयी को भाजपा से मिल ही गया टिकट, आरती की जगह कोरांव से अब लड़ेंगे राजमणि कोल
शहर उत्तरी विधानसभा सीट को लेकर काफी दिनों से उलटफेर की अटकलें लगाई जा रही थीं। भाजपा ने रविवार को देर शाम सूची जारी कर सारी अटकलों पर विराम लगा दिया। हर्षवर्धन बाजपेयी 2017 के विधानसभा चुनाव में शहर उत्तरी से विधायक चुने गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी ने शहर उत्तरी विधानसभा सीट से सस्पेंस खत्म करने के साथ वर्तमान विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी पर एक बार फिर से भरोसा जताया है।
रविवार रात पार्टी ने हर्ष बाजपेयी को शहर उत्तरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। वहीं दूसरी ओर कोरांव विधानसभा सीट से पार्टी ने पूर्व में घोषित आरती कोल का टिकट काटकर वर्तमान विधायक राजमणि कोल को एक बार फिर से चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। पिछले चुनाव में कोरांव से राजमणि कोल जिले की 12 विधानसभा सीट में से सर्वाधिक मत से चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी बने थे।
शहर उत्तरी विधानसभा सीट भाजपा के टिकट हर्षवर्धन बाजपेयी ने वर्ष 2017 के चुनाव में कांग्रेसी विधायक अनुग्रह नारायण सिंह को शिकस्त दी थी। उससे पूर्व वर्ष 2007 और 2012 का विधानसभा चुनाव हर्ष बाजपेयी ने बसपा के टिकट पर लड़ा था। हालांकि इन दोनों ही चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
कई नेताओं ने की थी दावेदारी
इस बार शहर उत्तरी से हर्ष के अलावा पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी की बहु कविता यादव त्रिपाठी, डा. एलएस ओझा, राधाकांत ओझा, कुंज बिहारी मिश्र आदि का नाम टिकट के दावेदारों में शामिल था। रविवार की देर शाम तक उहापोह की स्थिति बनी रही, लेकिन अंत में हर्ष बाजपेयी ने बाजी मार ली।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि शनिवार को दिल्ली में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में ही हर्ष के नाम पर सहमति बनी। प्रयागराज में मजबूत ब्राह्मण चेहरा देखते हुए पार्टी नेताओं ने हर्ष के नाम का अनुमोदन किया। चर्चा है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी हर्ष के नाम पर अपनी सहमति जता दी। उनकी सहमति के बाद ही राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को जारी लिस्ट में हर्ष बाजपेयी का नाम भी घोषित कर दिया।
जेपी नड्डा समेत भाजपा के कई नेताओं से अशोक बाजपेयी ने किया था संपर्क
शहर उत्तरी विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी के टिकट को लेकर इस बार काफी उहापोह की स्थिति बनी हुई थी। तीन फरवरी तक तय नहीं था कि पार्टी उन्हें टिकट देगी या नहीं।
इस बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नामांकन के बाद प्रयागराज पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से हर्ष के पिता एवं पूर्व विधायक अशोक बाजपेयी की मुलाकात पार्टी कार्यालय में हुई।
इस दौरान कई पार्षदों ने भी हर्ष को मजबूत प्रत्याशी बताने के साथ उनकी पैरवी की। इसी मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व हर्ष को लेकर कोई निर्णय ले सकता है।
मंगलवार को होगा हर्ष का नामांकन
विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी मंगलवार आठ फरवरी को अपना नामांकन शहर उत्तरी विधानसभा सीट से करेंगे। उनके पिता अशोक बाजपेयी ने बताया कि उनके नाम की घोषणा रविवार की रात हुई है। इसलिए नामांकन से जुड़ी तैयारी सोमवार को कर ली जाएगी और मंगलवार को हर्ष अपना नामांकन कर देंगे।
पिछले चुनाव में सर्वाधिक मतों से जीते थे राजमणि कोल
भाजपा द्वारा जारी की गई सूची में आरती कोल का नाम काटकर एक बार फिर से विधायक राजमणि कोल को कोरांव सुरक्षित सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। पिछले चुनाव में राजमणि कोल ने इस सीट पर एक लाख से ज्यादा मत पाए थे। तब उन्होंने कांग्रेस पार्टी के रामकृपाल को 50 हजार से ज्यादा मतों से शिकस्त दी थी।
इस बार जब राजमणि कोल का टिकट काटा गया तो हर कोई हैरत में पड़ गया। संघ में अच्छी पैठ होने की वजह से उसके कुछ पदाधिकारियों ने भी राजमणि कोल के नाम की वकालत की। इसके बाद पार्टी ने आरती कोल का टिकट काटने के साथ यमुनापार में पूर्व जिला मंत्री रह चुके राजमणि कोल को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
काम नहीं आई केशरी नाथ की पैरवी
केशरी नाथ त्रिपाठी की बहु कविता यादव त्रिपाठी शहर उत्तरी विधानसभा सीट से सशक्त उम्मीदवार के रूप में देखी जा रही थीं। वह उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार लोगों से संपर्क भी कर रही थीं। उनके ससुर और पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने भी कविता के टिकट के लिए पैरवी की। चर्चा है कि केशरी नाथ को कुछ वरिष्ठ नेताओं की ओर से सकारात्मक आश्वासन भी मिला, लेकिन पार्टी ने हर्ष पर ही भरोसा जताते हुए शहर उत्तरी से उम्मीदवार घोषित कर दिया।
इसके साथ ही प्रतापगढ़ की रानीगंज सीट से भी मौजूदा विधायक धीरज ओझा को टिकट मिला है। दोनों विधायकों के टिकट कटने की अटकलें काफी दिनों से लगाई जा रही थीं। रविवार रात जारी हुई सूची से सारी कयासबाजी पर विराम लग गया। सूची में 40 विधानसभा के प्रत्याशियों की घोषणा की गई है।
जिसमें पड़ोसी जिले भदोही जिले की भदोही विधानसभा से मौजूदा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी और औराई सुरक्षित से भी विधायक दीनानाथ भास्कर को फिर टिकट मिला है। इसी तरह मिर्जापुर की मड़िहान से योगी सरकार में मंत्री और निवर्तमान विधायक रमाशंकर पटेल और नगर विधानसभा मिर्जापुर सदर से विधायक रत्नाकर मिश्रा को फिर उम्मीदवार बनाया गया है। चुनार से भी निवर्तमान विधायक अनुराग सिंह को टिकट दिया गया है।