प्रयागराज में 40 पर पहुंचा आलू, चीनी से महंगा गुड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले प्याज और उसके बाद टमाटर के बढ़ते दाम में लगाम लगने के बाद अब आलू ने जोर पकड़ लिया है। लॉकडाउन के दौरान 15 से 20 रुपये किलो तक में बिकने वाले आलू के दाम 40 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। आलू के अलावा हरी सब्जियों के दाम में भी आग लगी हुई है। इस बीच सरसों के तेल, रिफाइंड के दाम में भी वृद्धि हुई है। गुड़ चीनी से महंगा हो गया है। गुड़ 60 रुपये किलो तो चीनी 40 से 42 के रेट पर बिक रही है।
इधर, कुछ दिनों से आलू के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। फुटकर बाजार में आलू 50 से 60 रुपये में ढाई किलो आसानी से लोगों को मिल जा रहा था। लेकिन इस बीच आलू ने ऐसी तेजी पकड़ी कि वह अब 100 रुपये में ढाई किलो मिल रहा है। मुंडेरा थोक मंडी में भी आलू का दाम 28 से 30 रुपये किलो पहुंच गया है। जबकि देसी आलू का दाम 22 से 26 रुपये किलो तक है। मुंडेरा मंडी के थोक व्यापारी सतीश कुशवाहा ने बताया कि कोल्ड स्टोर से अगर सप्लाई सही हो जाए तो आलू के दाम गिरने तय हैं।
मंडी में सब्जियों की भरमार, फुटकर में मनमानी
शहर की तमाम फुटकर मंडियों में सब्जियों के ज्यादा दाम ज्यादा वसूले जा रहे हैं। फुटकर बाजार में जहां भिंडी 40 रुपये किलो में बिक रही है तो वहीं मुंडेरा मंडी में इसका रेट 10 से 12 रुपये किलो ही है। नेनुआ भी मंडी में 10 से 12 रुपये किलो में उपलब्ध है। मंडी में प्याज का रेट भी 10 से 15 रुपये किलो के बीच में ही है। उधर, फुटकर में हरी सब्जियों की बात की जाए तो परवल, नेनुआ आदि के दाम 40 से 60 रुपये किलो के बीच में है। मुंडेरा थोक मंडी में टमाटर भी 25 से 30 रुपये किलो में उपलब्ध है।
10 रुपये लीटर बढ़ गया रिफाइंड और सरसों का तेल
सरसों के तेल और रिफाइंड के दाम में दस रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। थोक में रेट बढ़ने के बाद फुटकर में भी सरसों का तेल जो पहले 120 रुपये में था वह अब 130 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह रिफाइंड 110 से बढ़कर 120 रुपये लीटर हो गया है। इस बीच गुड़ का रेट चीनी के मुकाबले ज्यादा हो गया है। फुटकर में गुड़ 35 से 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है, जबकि चीनी 40 से 42 रुपये किलो ही बिक रही है। फुटकर व्यापारी प्रमिल केसरवानी ने बताया कि आटा, मैदा, सूची के दाम अभी स्थिर है।