पूर्व सांसद अतीक अहमद के करीबी ग्राम प्रधान के करोड़ों के दो घर पीडीए ने किए जमींदोज
पीडीए ने बुधवार को करेली के बख्शी मोढ़ा के प्रधान मुबारक के दो घरों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जमींदोज कर दिया। मुबारक ने बख्शी मोढ़ा में करोड़ों की कीमत के दो आलीशान घर बनवाए थे। एक में परिवार रहता था। दूसरे उसने किराये पर उठाया था।
पुलिस ने दोनों ही मकानों से लोगों को बाहर कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर दी। अतीक के करीबी मुबारक के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। पिछले काफी समय से वह फरार चल रहा है। पीडीए करेली क्षेत्र में उसकी और संपत्तियों का पता लगा रही है। कार्रवाई के समय कई थानों की फोर्स मौके पर मौजूद रही। परिजनों तथा कुछ अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई।
अतीक के करीबी लोगों में शुमार बख्शी मोढ़ा के प्रधान मुबारक के खिलाफ कार्रवाई के बारे में सुबह तक किसी को भनक नहीं थी। फोर्स को करेली में इकट्ठा किया गया। इसके बाद पांच सौ वर्ग गज में बने उसके मकान को जमींदोज करने की कार्रवाई शुरू की गई। उस मकान में निचले हिस्से में किरायेदार थे। उन्हें बाहर निकाला गया।
उन्हें घर का सामान हटाने की इजाजत दी गई। इसके बाद कुछ घंटों में घर को ढहा कर जमींदोज कर दिया गया। इसके बाद पीडीए टीम और पुलिस बख्शी मोढ़ा में ही उसके पैत्रिक घर पहुंची। यहां पर घर वालों को बाहर किया गया। कार्रवाई देखकर घर वाले पहले ही सामान निकालने लगे। घर का सामान बाहर निकालने के बाद टीम ने सबसे पहले बाउंड्री और गेट ढहाया। इसके बाद घर पर भी कार्रवाई शुरू कर दी। देर शाम तक दोनों घरों को ढहा दिया गया था।
पीडीए के अधिकारी सत शुक्ला ने बताया कि प्रदेश सरकार का अपराधियों के खिलाफ जो अभियान चल रहा है, उसी क्रम में मुबारक के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुबारक ने दूसरों की जमीन कब्जा कर बिना नक्शे के ही घर का निर्माण कराया था। एक मकान 800 वर्ग गज और दूसरा 500 वर्ग गज में बना था। करेली इलाके में बने इन दोनों मकानों की कीमत करोड़ों में है। मुबारक के बारे में पता चला है कि उसने कई जगह जमीन कब्जा कर मकान बनवाया है। तमाम ऐसे मकानों की जांच की जा रही है। आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
अतीक का साथ मिलते ही बन गया करोडों का मालिक
कुछ साल पहले तक मुबारक को कोई नहीं जानता था लेकिन पिछले प्रधानी के चुनाव से कुछ समय पहले अतीक ने मुबारक पर हाथ रख दिया। इसके बाद तो उसकी किस्मत ही पलट गई। वह क्षेत्र की कई बेशकीमती जमीनों का मालिक बन बैठा। इतना नहीं वह अतीक गैंग के लिए वसूली भी करने लगा। उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होते रहे और वह दिनों दिन अमीर होता रहा।
बख्शी मोढ़ा का पुराना प्रधान भी अतीक का करीबी था। वह कई बार प्रधान रहा लेकिन पिछले प्रधानी के चुनाव से पहले कोई बात हो गई और अतीक ने मुबारक के सिर पर हाथ रख दिया। उसे चुनाव लड़वाकर प्रधान बनवा दिया। इसके बाद तो अतीक के नाम पर मुबारक ने जमकर बवाल काटा। सबसे पहले उसने क्षेत्र की विवादित जमीनों को कब्जे में लेकर उसे बेचना शुरू किया और जमकर पैसा बनाया। फिर वह क्षेत्र में जितनी जमीनों की खरीद फरोख्त होती, उसमें अतीक गैंग के नाम पर पैसे वसूलने लगा। इन्हीं पैसों से उसने आलीशान दो घर बनाए। मुबारक के खिलाफ तकरीबन एक दर्जन मुकदमे चल रहे हैं। काफी समय से वह घर से फरार चल रहा है। पुलिस को कई मुकदमों में उसकी तलाश है।
-सत्येंद्र तिवारी, सीओ प्रथम