Prayagraj Corona News : कोरोना के नए मामले बढ़े, 414 संक्रमित, मेले में दो नए मरीज मिले, 73 हुए संक्रमण मुक्त
कोरोना के नोडल प्रभारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शनिवार को जिले में 8183 लोगों की कोरोना की जांच की गई। उसमें से 414 लोग संक्रमित पाए गए। यह शनिवार के मुकाबले 12 ज्यादा हैं। इसके अलावा शनिवार को 73 लोग संक्रमण मुक्त हुए।
विस्तार
कोरोना के नए मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को 12 अधिक मरीज मिले। हालांकि, माघ मेले से शनिवार को राहत वाली खबर रही। वहां सिर्फ दो नए संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को जिले में कुल 73 लोग संक्रमण से मुक्त हुए।
कोरोना के नोडल प्रभारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शनिवार को जिले में 8183 लोगों की कोरोना की जांच की गई। उसमें से 414 लोग संक्रमित पाए गए। यह शनिवार के मुकाबले 12 ज्यादा हैं। इसके अलावा शनिवार को 73 लोग संक्रमण मुक्त हुए। इसमें 71 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है जबकि दो लोगों को हॉस्पिटल से छुट्टी दी गई है।
इस समय एक्टिव केसों की संख्या 2646 है। उधर, मेले में भी एक हजार से अधिक लोगों की कोरोना की जांच की गई लेकिन दो नए संक्रमित मिले हैं। इसमें से एक संत शामिल हैं। उधर, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती दो दर्जन से अधिक मरीजों में दर्जन भर लोग गंभीर हैं। चिकित्सकों के मुताबिक कोरोना की वजह से नहीं, बल्कि दूसरी बीमारियों से गंभीर हैं।
एक लाख, आठ हजार से अधिक लोगों का लगा टीका
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में शनिवार को एक लाख, आठ हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। टीकाकरण प्रभारी डॉ. तीरथलाल के मुताबिक सुबह से चलाए गए अभियान में 15 से 17 वर्ष की उम्र वाले 16145 किशोरों को, 1465 बुजुर्गों को बूस्टर डोज लगाई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक देर रात तक एक लाख, आठ हजार लोगों का डाटा पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है। इससे जिले में अब तक टीका लगवाने की कुल डोज 64 लाख, 65 हजार पहुंच गई।