Prayagraj: वर्क इंजीनियर की हत्या में क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी मेडिको लीगल की टीम, खोजे जाएंगे सवालों के जवाब
29 मार्च 2025 की भोर में 3:15 बजे मध्य वायु कमान कैंपस के भीतर कमांडर वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चार अप्रैल को पुलिस ने दावा किया कि सैन्य कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसे चोर सौरभ कुमार उर्फ बाबू ने सैन्य अधिकारी के जाग जाने पर गोली मार दी थी।
विस्तार
बमरौली स्थित वायु सेना के हाई सिक्योरिटी जोन में कमांडर वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्रा की हत्या के मामले में एक बार फिर से जांच शुरू हो गई है। शनिवार को लखनऊ से स्टेट मेडिको लीगल सेल (स्पेशल सेल) की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी, ताकि मामले में हर पहलुओं पर हत्या के कारणों का खुलासा हो सके।
29 मार्च 2025 की भोर में 3:15 बजे मध्य वायु कमान कैंपस के भीतर कमांडर वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चार अप्रैल को पुलिस ने दावा किया कि सैन्य कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसे चोर सौरभ कुमार उर्फ बाबू ने सैन्य अधिकारी के जाग जाने पर गोली मार दी थी। वहीं, सत्येंद्र की पत्नी वत्सला मिश्रा ने बयान में कहा था कि कैंपस अत्यधिक सुरक्षित सैन्य क्षेत्र का हिस्सा है। इससे पहले 14 मार्च की रात भी घुसपैठ की कोशिश की गई। पति ने वायु सेना के अधिकारियों को सतर्क करते हुए सुरक्षा की चिंता जताई और औपचारिक रूप से सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध भी किया। ऐसे में पुलिस ने जो दावा किया है उसमें सच्चाई नहीं है।
उन्होंने हत्या के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई है। मामले में रक्षा मंत्रालय के पास शिकायत भेजने के बाद उच्चस्तरीय टीम का गठन किया गया है। स्टेट मेडिको लीगल सेल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह बताए कि हत्या कैसे और क्यों की गई तथा इसका जिम्मेदार कौन है। सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर ज्वाइंट डायरेक्टर डाॅ. कीर्तिवर्धन सिंह स्टेट मेडिको लीगल एक्सपर्ट प्रयागराज पहुंचेगे। इस दौरान विवेचक पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
इन सवालों का जवाब तलाशेगी टीम
सूत्रों ने बताया कि सत्येंद्र की पत्नी वत्सला मिश्रा ने आरोप लगाया है कि 12 फीट दीवार को पार करना आसान नहीं है। ऐसे में मेडिको लीगल की टीम आरोपी सौरभ के हाइट जितने एक युवक से दीवार को फंदाकर सीन रिक्रिएट करने का प्रयास करेगी। इसमें देखा जाएगा कि गोली कितनी दूर से मारी गई है? सुरक्षा व्यवस्था क्या है? सीसीटीवी फुटेज में कैद दूसरा व्यक्ति कौन है? जेल में निरुद्ध आरोपी से पूछताछ? वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्रा का कार्य? मुख्य गेट से सत्येंद्र के आवास की दूरी? समेत अन्य सवालों का जवाब टीम तलाशेगी।
एसआईटी भी कर रही जांच
हत्याकांड की विवेचना विशेष जांच दल (एसआईटी) भी कर रही है। जिसमें डीजीपी की ओर से तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। आईजी रेंज प्रेम कुमार गौतम की अध्यक्षता में गठित इस टीम में प्रयागराज के अपर पुलिस आयुक्त अपराध डॉ. अजयपाल शर्मा व एसीपी धूमनगंज बृजेंद्र यादव को शामिल किया गया है।