UPPSC : जारी किए गए 23 याचिकाकर्ताओं के प्राप्तांक, PCS-J परीक्षा-2022 में 50 अभ्यर्थियों की बदली थीं कॉपियां
23 याचिकाकर्ताओं में से 20 परीक्षार्थियों के साक्षात्कार सहित कुल प्राप्तांक व तीन परीक्षार्थियों के केवल मुख्य परीक्षा के प्राप्तांक जारी किए गए हैं। पीसीएस जे परीक्षा-2022 में गलत कोडिंग के कारण 50 अभ्यर्थियों की कॉपियां एक-दूसरे से बदल गई थीं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2022 में दाखिल रिट याचिका श्रवण पांडेय बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से पारित आदेश के अनुपालन में शनिवार को 23 याचिकाकर्ताओं के प्राप्तांकों का विवरण जारी कर दिया। श्रवण पांडेय उत्तराखंड के नैनीताल के हल्द्वानी के रहने वाले हैं। वह नैनीताल हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं।
23 याचिकाकर्ताओं में से 20 परीक्षार्थियों के साक्षात्कार सहित कुल प्राप्तांक व तीन परीक्षार्थियों के केवल मुख्य परीक्षा के प्राप्तांक जारी किए गए हैं। पीसीएस जे परीक्षा-2022 में गलत कोडिंग के कारण 50 अभ्यर्थियों की कॉपियां एक-दूसरे से बदल गई थीं। इस मामले को सामने लाने वाले श्रवण पांडेय ने जब जनसूचना अधिकार के तहत अपनी कॉपी देखी तो पाया कि उनके अंग्रेजी विषय की कॉपी बदल गई है।
श्रवण ने न्यायालय में याचिका दाखिल की। इसके बाद न्यायालय ने आयोग से अभ्यर्थी की कॉपी तलब कर ली। मामला सामने आने के बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा में शामिल सभी 3019 परीक्षार्थियों को कॉपियां देखने के लिए आमंत्रित किया। इसमें से 44.48 फीसदी परीक्षार्थियों ने अपनी कॉपियां देखीं। बाद में आयोग ने मुख्य परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया, जिनमें पांच नए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया।
याचिकाकर्ता श्रवण पांडेय का नहीं हुआ अंतिम चयन
इन पांच नए अभ्यर्थियों में याचिकाकर्ता श्रवण पांडेय भी शामिल थे। हालांकि, इंटरव्यू में शामिल होने के बाद उनका अंतिम चयन नहीं हो सका। बाद में जारी अंतिम परिणाम में दो नए अभ्यर्थियों को चयन हुआ और पूर्व में चयनित दो मेरिट से बाहर हो गए। आयोग की ओर से जारी प्राप्तांकों के विवरण में श्रवण पांडेय को कुल 557 अंक मिले हैं। उन्हें लिखित परीक्षा में 483 व इंटरव्यू में 74 अंक मिले हैं।
लिखित परीक्षा के तहत जीके में 105, अंग्रेजी भाषा में 62, हिंदी भाषा में 26, विधि प्रथम प्रश्नपत्र में 88, द्वितीय प्रश्नपत्र में 108 व तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा में 94 अंक प्राप्त हुए हैं। आयोग ने श्रवण सहित 23 याचिकाकर्ताओं के प्राप्तांकों को विवरण जारी किया है। आयोग की ओर से अनुक्रमांक सहित जारी प्राप्तांकों के विवरण अनुसार 23 याचिकाकर्ताओं में तीन परीक्षार्थियाें को सर्वाधिक 590-590 अंक मिले हैं।
तीन अधिकारी किए गए थे निलंबित
कॉपियों की अदला-बदली के मामले में अनुभाग अधिकारी शिवशंकर, समीक्षा अधिकारी नीलम शुक्ला व सहायक समीक्षा अधिकारी भगवती देवी को निलंबित किया था। वहीं, पर्यवेक्षणीय अधिकारी उप सचिव सतीश चंद्र मिश्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई थी। मामले में सेवानिवृत्त हो चुकीं सहायक समीक्षा अधिकारी चंद्रकला के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी।
सभी अभ्यर्थियों को प्राप्तांक व कटऑफ का इंतजार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस जे परीक्षा-2023 के 23 परीक्षार्थियों के प्राप्तांक तो जारी कर दिए। लेकिन, मुख्य परीक्षा में शामिल सभी 3019 परीक्षार्थियों के प्राप्तांक व कटऑफ अंक अभी जारी नहीं किए हैं। शेष अभ्यर्थियों को भी अपने प्राप्तांक व कटऑफ का इंतजार है, ताकि पता चल सके कि चयन प्रक्रिया में न्यूनतम व अधिकतम कटऑफ कितना रहा।