Fraud : खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अफसर बताकर अधिवक्ता से ठगे चार लाख
अतरसुइया निवासी एक अधिवक्ता को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने चार लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अफसर बताकर पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग की झूठी एफआईआर दर्ज होने का झांसा दिया और फिर गिरफ्तारी का डर दिखाकर चपत लगा दी।
विस्तार
अतरसुइया निवासी एक अधिवक्ता को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने चार लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अफसर बताकर पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग की झूठी एफआईआर दर्ज होने का झांसा दिया और फिर गिरफ्तारी का डर दिखाकर चपत लगा दी। अतरसुइया पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि 16 फरवरी को उनके मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल आई। उठाया तो एक व्यक्ति वर्दी में था। उसने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अफसर बताया। कहा कि आपके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की एफआईआर दर्ज हुई है। आपको गिरफ्तार किया जाएगा। डरा-धमका कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
गिरफ्तारी का डर दिखाकर चार लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिया। इसके कुछ दिन तक वह आरबीआई से रुपये की जांच कराने की बात करता रहा और फिर अचानक कॉल करना बंद कर दिया। जानकारी हुई कि उनके साथ शातिरों ने ठगी की है। अतरसुइया पुलिस मोबाइल नंबर और खाता नंबररे आधार पर ठगों की पहचान में जुट गई है।
ठगी से ऐसे बचें
- कभी पुलिस डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है, अगर कोई वारंट होगा तो पुलिस घर आएगी।
- अंजान नंबर से बिलकुल भरोसा न करें, अगर कोई आपको डराए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
- अंजान नंबर से आए वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी पहने कोई कॉल करें तो तुरंत फोन काट दें।
- साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्प लाइन नंबर 1930 या फिर cybercrime.in पर सूचना देंं।
199 पर फोन करने के बाद खाते से उड़े 99 हजार
प्रयागराज। शांतिपुरम निवासी रश्मि चौरसिया ने पुलिस को बताया कि 16 फरवरी की सुबह 9:30 बजे मोबाइल नंबर बंद हो गया। कॉल करने पर कहा गया कि 199 पर फोन करें। जैसे फोन किया तो नाम, पति का नाम और पता पूछा गया। इसके बाद मोबाइल नंबर ठीक हो गया और फोन आने-जाने लगा। शाम करीब सात बजे किसी को ऑनलाइन रुपये देने लगी तो पता चला कि लिमिट नहीं है। बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि सैलरी खाते से 99 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से अब्दुल हमाद रजा के पास ट्रांसफर हुए हैं। जानकारी होते ही अपने खाते को ब्लाक करा दिया। साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
रिश्तेदार बताकर कांस्टेबल से 15 हजार की ठगी
प्रयागराज। कांस्टेबल आकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी गार्द में उनकी तैनाती हैं। बुधवार की रात करीब आठ बजे अंजान मोबाइल नंबर से फोन आया। व्यक्ति की आवाज जानी पहचानी लग रही थी। उसने खुद को मेरा रिश्तेदार बताकर 15 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिया। शक होने पर जब अपने रिश्तेदार को फोन किया तो उन्होंने रुपये मांगने से इन्कार कर दिया और कहा कि कोई फोन नहीं किया था। कर्नलगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।