प्रयागराज : अधिवक्ता विजय मिश्रा की गिरफ्तारी से नाराज वकील हड़ताल पर, पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
माफिया अतीक अहमद के वकील विजय मिश्रा की गिरफ्तारी से नाराज जिला कचहरी के वकील सोमवार को हड़ताल पर हैं। रविवार की शाम इसका एलान किया गया था। सोमवार को कचहरी खुलने के बाद पहुंचे अधिवक्ताओं ने विजय मिश्र की गिरफ्तारी के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के वकील विजय मिश्रा की गिरफ्तारी से नाराज जिला कचहरी के वकील सोमवार को हड़ताल पर हैं। रविवार की शाम इसका एलान किया गया था। सोमवार को कचहरी खुलने के बाद पहुंचे अधिवक्ताओं ने विजय मिश्र की गिरफ्तारी के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कचहरी परिसर में भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है।
जिला अधिवक्ता संघ के मंत्री विद्या वरिधि मिश्रा ने अधिवक्ता विजय मिश्रा की गिरफ्तारी के तरीके को लेकर नाराजगी की। उन्होंने ने कहा कि गिरफ्तारी की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। अगली रणनीति पर फैसला जिला अधिवक्ता संघ की आमसभा करेगी। उन्होंने कहा की जिस तरीके से मुकदमों की पैरवी करने वाले वकील के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है वह निंदनीय है।
उधर, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि मुवक्किल की पैरवी करने वाले वकील के खिलाफ ऐसी कार्रवाई उचित नहीं है। आरोपों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। सोमवार को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक करेगी और अग्रिम रणनीति पर फैसला करेगी। सेकुलर अधिवक्ता संघ के वसीम अहमद ने इस मुद्दे पर हड़ताल न करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वकालत पेशे से इतर कार्य करने वालों की वजह से वकीलों की छवि समाज में खराब हो रही है।