गडकरी ने रिवर पोर्ट का किया उद्घाटन, बनारस से प्रयागराज चलेगा फाइव स्टार जहाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा की तर्ज पर यमुना में भी जल परिवहन की जल्द ही शुरूआत होगी। आने वाले समय में लोग प्रयागराज से दिल्ली की यात्रा जलमार्ग से कर सकेंगे। आगरा से दिल्ली तक जल परिवहन सेवा की योजना को प्रयागराज तक विस्तार देने की सहमति बन गई है। प्रयागराज से दिल्ली तक जल परिवहन का डीपीआर तैयार कर लिया गया है।
यह जानकारी शुक्रवार को केंद्रीय सड़क परिवहन, जहाजरानी, जलमार्ग, नदी विकास एवं गंगा पुनरुद्धार मंत्री नितिन गडकरी ने किला घाट पर दी। यहां उन्होंने अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से तैयार चार रीवर पोर्ट जनता को समर्पित किया। कुंभ में पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संगम में डुबकी लगाने के बाद चार रीवर पोर्ट का लोकार्पण किया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने अन्तर्देशीय जल मार्ग प्राधिकरण की तरफ से 5500 करोड़ की लागत से तैयार परियोजना के तहत कार्य कराए जाएंगे। वाराणसी से हल्दिया और हल्दिया से फरक्का तक रीवर फ्रंट का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयाग से वाराणसी- हल्दिया से आगे बांग्लादेश और म्यांमार तक जलमार्ग बनाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। उत्साह से भरे केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि जलपरिवहन की यह शुरुआत सुगम और सस्ते यातायात की दिशा में बड़ी उपलब्धि होगी।
गडकरी ने केशव संग लगाई संगम में डुबकी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने संगम तट पर त्रिवेणी में दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने सविधि पूजा की। पुरोहितों ने रोली,अक्षत, पुष्प से संकल्प कराया। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी संगम में डुबकी लगाई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज गंगाराम अहिर भी मौजूद थे। इससे पहले डिप्टी सीएम ने उनकी अगवानी की।
डिप्टी सीएम को दिया जल परिवहन सेवा के विस्तार का श्रेय
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रयागराज-वाराणसी-हल्दिया जल मार्ग सेवा का श्रेय डिप्टी सीएम केशव प्रयाद मौर्य को दिया। उन्होंने बताया कि इस जल परिवहन सेवा की शुरूआत सिर्फ वाराणसी-हल्दिया के ही बीच होनी थी, लेकिन डिप्टी सीएम के आग्रह पर इसे प्रयागराज तक जोड़ा गया।
रोहू-नैन मछलियों के बीज गंगा में छोड़े,हिल्सा के प्रजनन पर जोर
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को रीवर पोर्ट के लोकार्पण के बाद गंगा-यमुना में विलुप्त हो रही मछलियों की प्रजातियों के बीजों को छोड़ा। मछलियों के उन्न्त प्रजाति के बीजों को गंगा नदी में छोड़ा। विलुप्त हो रही कटला, रोहू और नैन मछलियों की उन्नति प्रजाति के बीजों को गंगा नदी में छोड़ा।
इन प्रजातियों के 10 हजार से अधिक बीच छोड़े गए। मंत्री ने बताया कि हिल्सा प्रजाति की मछली गंगा से विलुप्त हो गई थी। अब इस मछली के भी स्थानांतरण और प्रजनन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इन मछलियों के प्रजनन से गंगा में प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है।
केंद्रीय सड़क, जल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को जलपरिवहन सेवा के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से कहा कि संगम में चल रही पुरानी नावों को बदला जाना चाहिए। इसकी जगह फाइवर की आधुनिक नाव और स्टीमर चलवाई जाए।
केंद्रीय मंत्री गडकरी का कहना था कि उन्होंने गंगा-यमुना में जल परिवहन की सौगात दे दी, लेकिन इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार को योजना बनानी चाहिए। उन्होंने डिप्टी सीएम से कहा कि वह फाइव स्टार सुविधा वाले क्रूज प्रयागराज में चलवाएं, ताकि पर्यटन को विस्तार मिल सके।
अवधेशानंद से मिलने पहुंचे गडकरी, केशव
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि का आशीर्वाद लेने उनके शिविर प्रभु प्रेमी संघ में पहुंचे। इस दौरान उन्हें शिविर में स्थापित सोमनाथ मंदिर का दर्शन कराया गया। केंद्रीय मंत्री ने कई मुद्दों पर उनसे चर्चा की।