Mahakumbh : प्रधानमंत्री के लिए संगम पर तैयार होने लगी जेटी, संगम नोज पर गंगा पूजन कर करेंगे महाकुंभ की शुरूआत
प्रधानमंत्री 13 दिसंबर को प्रयागराज आ रहे हैं। विशेष यान से बमरौली एयरपोर्ट पर आएंगे। प्रधानमंत्री वहां से अरैल हेलिकॉप्टर से आएंगे। इसके बाद निषादराज क्रूज से वह संगम भ्रमण करेंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री गंगा पूजन कर महाकुंभ-2025 की शुरुआत करेंगे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा पूजन कर महाकुंभ की शुरुआत करेंगे। इसके लिए जेटी तैयार होने लगी है। संगम नोज पर समतलीकरण के साथ नदी में आधार तैयार करने का काम भी बृहस्पतिवार को शुरू हो गया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर फ्लोटिंग जेटी का भी इंतजाम किया गया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर जेटी एवं पंडाल समेत संगम का बड़ा इलाका तीन दिन पहले ही एसपीजी की सुरक्षा घेरे में आ जाएगा। निर्धारित दूरी तक आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। इससे पहले ही जेटी एवं पंडाल तैयार किया जाना है।
प्रधानमंत्री 13 दिसंबर को प्रयागराज आ रहे हैं। विशेष यान से बमरौली एयरपोर्ट पर आएंगे। प्रधानमंत्री वहां से अरैल हेलिकॉप्टर से आएंगे। इसके बाद निषादराज क्रूज से वह संगम भ्रमण करेंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री गंगा पूजन कर महाकुंभ-2025 की शुरुआत करेंगे। गंगापूजन के लिए जेटी तैयार की जा रही है। पूजन में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई अन्य केंद्रीय एवं राज्य के मंत्री तथा अफसर भी शामिल रहेंगे। इसे ध्यान में रखकर जेटी को आकार दिया जा रहा है।
संगम नोज पर गंगा की तरफ समतलीकरण के कार्य को अंतिम रूप दिया गया। जेटी के लिए आधार तैयार करने का काम भी शुरू हो गया। इसी से कुछ दूरी पर प्रधानमंत्री की सभा के लिए पंडाल तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री इस मौके पर साढ़े छह हजार करोड़ रुपये की निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। बताया जा रहा है कि चूंकि पूरा इलाका तीन दिन पहले एसपीजी की सुरक्षा घेरा में आ जाएगा। इसलिए संगम नोज पर जेटी लगाने तथा पंडाल का निर्माण कार्य 10 दिसंबर से पहले तैयार हो जाएगा।
एक दिन पहले होगा पूर्वाभ्यास
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मेला प्रशासन की ओर से एक दिन पहले पूर्वाभ्यास की भी तैयारी की गई है। पंडाल में दो डायस होंगे। एक डायस प्रधानमंत्री के लिए सुरक्षित होगा। ऐसे में रिहर्सल भी दूसरे डायस से ही होगा। प्रधानमंत्री से अरैल से किला घाट तक निषादराज क्रूज से लाने की तैयारी है। इसके अलावा सड़क मार्ग से भी उनके आने की संभावना है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उसी के अनुसार तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हर स्तर पर होगी सुरक्षा, हेलीकॉप्टर से निगरानी शुरू
प्रधानमंत्री के लिए जमीन के साथ हवा और जल में भी सुरक्षा चक्र तैयार किया जा रहा है। संगम से अरैल तक गंगा एवं यमुना दोनों ही नदियों में सुरक्षा घेरा रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से शहर नो फ्लाइंग जोन भी रहेगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल की बृहस्पतिवार को आसमान से निगरानी भी शुरू हो गई। सेना के तीन हेलीकॉप्टर ने दो बार संगम तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निषादराज पार्क एवं प्रतिमा का करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री शृंग्वेरपुर धाम में बने निषादराज पार्क, भगवान राम और निषादराज की गले मिलते प्रतिमा तथा घाट का लोकार्पण करेंगे। वह गंगा रिवर फ्रंट रोड समेत अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री के शृंग्वेरपुर जाने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि, अभी तक पीएमओ से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कुछ आया नहीं है। ऐसे में प्रधानमंत्री के शृंग्वेरपुर जाने को लेकर आशंकाएं भी उठने लगी हैं। यदि प्रधानमंत्री शृंग्वेरपुर नहीं जाते हैं तो वहां की निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास संगम नोज पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ही करेंगे। हालांकि, प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए शृंग्वेरपुर में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सजेंगे सरकारी कार्यालय
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले शहर के सभी सरकारी भवनों को सजाया जाएगा। भवन फसाड लाइट से भी रोशन किए जाएंगे। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के निर्देश पर सभी विभागों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंडलायुक्त के निर्देश पर कार्यालयों को त्योहार की तरह सजाने की योजना बनाई गई है। प्रमुख चौराहों एवं सड़कों को तो दुल्हन की तरह से सजाया जाएगा। इसके तहत रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। इसकी शुरुआत हो गई है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के तहत शहर तथा घाटों की सफाई पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री 13 दिसंबर को आएंगे लेकिन मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ सात दिसंबर को ही आ रहे। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारियों को देखेंगे। ऐसे में सात दिसंबर से पहले ही शहर को सजाने की कवायद की जा रही है। मंडलायुक्त ने सभी निर्माण कार्यों को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।