रेलवे तत्काल टिकट : बुकिंग शुरू की तो 195 बर्थ खाली, पेमेंट के समय पहुंच गया वेटिंग
तत्काल टिकट बुकिंग में यात्रियों को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। आईआरसीटीसी पर बुकिंग शुरू होते समय खाली बर्थ दिखाई देती हैं, लेकिन भुगतान के वक्त टिकट वेटिंग में पहुंच जाता है। प्रयागराज से दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
विस्तार
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर खाली बर्थ देखकर यात्रियों को लगा कि अब दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा, लेकिन भुगतान के समय टिकट का स्टेटस ही बदल गया। तत्काल टिकट बुक करने की प्रक्रिया शुरू करते समय खाली सीटें दिखीं, मगर पेमेंट के विकल्प तक पहुंचते-पहुंचते टिकट वेटिंग में पहुंच गया। ऑनलाइन बुकिंग के दौरान आ रही इस परेशानी से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
राजरूपपुर निवासी अनिकेत श्रीवास्तव ने दिल्ली जाने के लिए शनिवार सुबह 10 बजे आईआरसीटीसी पोर्टल पर लॉगइन किया। हमसफर एक्सप्रेस के तत्काल कोटे में उन्हें 195 बर्थ खाली नजर आईं। उन्होंने यात्री संबंधी जानकारियां भरकर भुगतान की प्रक्रिया शुरू की तो अचानक टिकट का स्टेटस बदलकर 24 वेटिंग हो गया। यह देखकर वह हैरान रह गए। दोबारा प्रयास करने पर भी उन्हें कंफर्म टिकट नहीं मिल सका।
यह परेशानी सिर्फ अनिकेत की नहीं है। पहले से आरक्षित टिकट नहीं मिलने पर तत्काल सेवा के भरोसे सफर की तैयारी करने वाले तमाम यात्रियों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
रामबाग स्टेशन पहुंचे उत्कर्ष भारद्वाज को भी प्रयागराज एक्सप्रेस में कंफर्म सीट नहीं मिल सकी। जबकि इस ट्रेन के स्लीपर श्रेणी में तत्काल कोटे की 108 बर्थ हैं। जब तक उनकी बुकिंग की बारी आई, तब तक सीटें वेटिंग में पहुंच चुकी थीं।
प्रयागराज से दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में तत्काल टिकटों की मांग इतनी अधिक है कि बुकिंग शुरू होने के एक से डेढ़ मिनट के भीतर ही कोटे की बर्थ भर जा रही हैं। ऐसे में यात्रियों के सामने सफर की योजना बदलने या वेटिंग टिकट लेकर इंतजार करने के अलावा विकल्प सीमित रह जाते हैं।
एक साथ शुरू होती है ऑनलाइन और काउंटर से बुकिंग
रेलवे में अग्रिम आरक्षण के तहत यात्रा से 60 दिन पहले टिकट बुक करने की सुविधा है। वहीं, तत्काल कोटे के टिकट यात्रा से एक दिन पहले निर्धारित समय पर जारी किए जाते हैं। तत्काल के अलावा महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों और अन्य निर्धारित श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग प्रावधान हैं।
ऑनलाइन पोर्टल और रेलवे आरक्षण काउंटरों पर एक साथ बुकिंग शुरू होने के कारण तत्काल कोटे की सीटों के लिए भारी प्रतिस्पर्धा रहती है। चंद मिनटों में ही सीटें भर जाती हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि लाखों की संख्या में टिकट बुक करने वाले ऑनलाइन उपयोगकर्ता हों या रेलवे के आरक्षण काउंटर, सभी जगह एक साथ बुकिंग शुरू होती है। इसी वजह से कुछ ही मिनटों में तत्काल कोटे के टिकट बुक हो जाते हैं। आरक्षण काउंटरों पर दलालों को भी भटकने नहीं दिया जाता।
