Delhi Blast: डॉ. शाहीन के दस्तावेजों को खंगालने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंची खुफिया विभाग की टीम, मची रही खलबली
Delhi Blast News: दिल्ली में लालकिले के पास सोमवार को हुए विस्फोट के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध डॉ. शाहीन ने प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया है। 2002 में उसने पास आउट किया है। उसके शैक्षिक दस्तावेजों को खंगालने के लिए खुफिया विभाग की टीम बुधवार को मेडिकल कॉलेज पहुंची।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में बम धमाके के मामले में गिरफ्तार डॉ. शाहीन सईद को लेकर खुफिया एजेंसी सक्रिय हो गई है। खुफिया एजेंसी डॉ. शाहीन का रिकॉर्ड खंगालने बुधवार को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज पहुंची। करीब दो घंटे चली जांच में पढ़ाई से संबंधित दस्तावेज खंगाले गए, साथ ही डॉ. शाहीन के दाखिले के दस्तावेज की जांच की गई।
इसके बाद शिक्षकों के बयान लेने के साथ छात्रावास के रजिस्टर तक की जानकारी मांगी गई। पता लगाया गया कि पढ़ाई के दौरान शाहीन का किन लोगों से संपर्क था। हालांकि खुफिया एजेंसी को इस बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से मुहैया करवाए गए दस्तावेज में शाहीन के घर के पते की जानकारी भी ली गई।
जांच में शाहीन की पढ़ाई को लेकर अहम जानकारियां जुटाई गईं। यह पता लगाने की भी कोशिश की गई कि पढ़ाई के दौरान शाहीन किसी संगठन से जुड़ी तो नहीं रही। हालांकि जांच में खुफिया एजेंसी को पढ़ाई के अलावा कोई खास इनपुट नहीं मिला।
तीसरे दिन भी चला जांच अभियान
दिल्ली में बम धमाके की घटना के बाद तीसरे दिन भी शहर में पुलिस सक्रिय रही। बुधवार को जिले के सभी थानों की पुलिस ने अपने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। खासकर शहर की सीमाओं पर विशेष निगरानी की गई। थाना स्तर पर गठित टीमें और इंटेलिजेंस यूनिट्स को सक्रिय रखा गया। वाहन चेकिंग के साथ क्षेत्रीय निगरानी की गई। डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि दिल्ली बम धमाके से प्रयागराज से कुछ भी इनपुट नहीं मिला है और न ही दिल्ली और अन्य जगहों की पुलिस ने इस संबंध संपर्क किया है। हालांकि एहतियातन सभी थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया है।
शाहीन के सहपाठियों से भी हो सकती है पूछताछ
जांच टीम डॉ. शाहीन के सहपाठियों से भी उसके बारे में पूछताछ कर सकती है। उसकी एक सहपाठी प्रयागराज में ही रहती है और खुद का पैथोलॉजी चलाती है। इसके अलावा कई और सहपाठी अलग-अलग शहरों में चिकित्सक हैं या खुद का अस्पताल चला रहे हैं। दिल्ली धमाके के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध डॉ. शाहीन ने प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। मेडिकल कॉलेज के सूत्रों के मुताबिक डॉ. शाहीन ने 1996 बैच में एमबीबीएस में दाखिला लिया था। एमबीबीएस की पढ़ाई और इंटर्नशिप 2002 में पूरी की थी। डॉ. शाहीन मेडिकल कॉलेज कैंपस के गर्ल्स हॉस्टल में ही रहती थी। सूत्रों के मुताबिक शुरुआत से ही उसका अपने साथियों से ज्यादा मेलजोल नहीं था।
एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉ. शाहीन ने फार्माकोलॉजी में एमडी की डिग्री हासिल की थी। 2006-07 में यूपी लोक सेवा आयोग से डॉ.शाहीन का चयन कानपुर नगर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल (जीएसवीएम) कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ था। 2009-10 में डॉ. शाहीन का तबादला कन्नौज मेडिकल कॉलेज हो गया। इसके बाद 2013 में दोबारा डॉ.शाहीन कानपुर मेडिकल कॉलेज लौट आई थी।
यहां दोबारा आने के बाद से ही उसकी गतिविधियां संदिग्ध हो गई थीं। वह कुछ देश विरोधी तत्वों के संपर्क में आ गई थी। इसके बाद लगातार नौकरी पर मौजूद न रहने के कारण 2021 में सरकार ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दीं। सईद अहमद अंसारी की पुत्री डॉ. शाहीन लखनऊ की रहने वाली है। सईद अहमद की तीन संतानों में डॉ. शाहीन दूसरे नंबर पर है।